रायबरेली-गंगा तटों से शिवालयों तक भगवान शिव की भक्ति में डूबा सैलाब

रायबरेली-गंगा तटों से शिवालयों तक भगवान शिव की भक्ति में डूबा सैलाब

-:विज्ञापन:-




रिपोर्ट-सागर तिवारी


ऊंचाहार - रायबरेली -सावन महीने के दूसरे सोमवार को देवाधिदेव महादेव की श्रद्धा और भक्ति में जनमानस डूब गया । गंगा तटों से लेकर विभिन्न शिवालयों तक लोगों का हुजूम उमड़ा और भगवान शिव के उद्घोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया । जगह जगह कांवड़ियों का जत्था लोगों का जोश बढ़ा रहा था ।
        सावन के दूसरे सोमवार को भी क्षेत्र के गोकना गंगा घाट पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भगवान शिव का जलाभिषेक हेतु जल भरने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। शिवालयों में  शिवभक्त 'हर-हर महादेव' और 'बम-बम भोले' के जयकारों के साथ कतारों में लगे रहे। भक्तों ने दूध, दही, गंगाजल, शहद, बेलपत्र, भांग, धतूरा, कमल, अक्षत और पुष्पों से भोलेनाथ का विधिवत पूजन-अर्चन किया। क्षेत्र के स्वयं भू शिवलिंग वाले शिवालयों गौरी शंकरन मंदिर बड़ा गांव , ऊंचाहार कस्बे के महादेवन और मिर्जापुर ऐहारी गांव के बूढ़े बाबा  मंदिर परिसर में घंटे-घड़ियाल और शंखनाद की गूंज से माहौल शिवमय हो गया। श्रद्धालुओं ने आस्था और भक्ति भाव से लबरेज होकर भगवान शिव का अभिषेक किया। मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें सुबह से ही लगनी शुरू हो गई थीं। सभी मंदिरों में भक्तों ने भोलेनाथ का जलाभिषेक कर मंगलकामनाएं कीं।