रायबरेली के एम्स के विस्तार को मिली रफ्तार! अदिति सिंह ने जेपी नड्डा से उठाए बड़े मुद्दे
रिपोर्ट - अमन श्रीवास्तव
मो - 8052996633
रायबरेली: एम्स रायबरेली के विस्तार और जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने को लेकर बीजेपी विधायक अदिति सिंह ने दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की। इस दौरान विधायक ने एम्स से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों और लंबित कार्यों को लेकर केंद्रीय मंत्री के साथ विस्तार से चर्चा की।
अदिति सिंह ने एम्स रायबरेली में निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर ब्लॉक के लिए अवशेष धनराशि जल्द जारी किए जाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि एम्स में लगातार बढ़ रहे मरीजों के दबाव को देखते हुए नवीन ओपीडी ब्लॉक की आवश्यकता है। इसके लिए उन्होंने प्रस्ताव पर तेजी से कार्रवाई की मांग की।
विधायक ने कैंसर केयर बिल्डिंग और आयुष विंग को लेकर भी वित्तीय स्वीकृति जल्द प्रदान किए जाने का अनुरोध किया। साथ ही एम्स से संबंधित विभिन्न प्रशासनिक प्रक्रियाओं में तेजी लाने की बात केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के सामने रखी।
अदिति सिंह ने कहा कि रायबरेली और आसपास के लोगों को बेहतर एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने विधायक द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों पर सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया। मुलाकात को रायबरेली की स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

rexpress 