रायबरेली-तीन दिनों से झमाझम बारिश से ठहर गई जिंदगी , बिजली ने रुलाया

रायबरेली-तीन दिनों से झमाझम बारिश से ठहर गई जिंदगी  , बिजली ने रुलाया

-:विज्ञापन:-




रिपोर्ट-सागर तिवारी


ऊंचाहार - रायबरेली -शनिवार शाम से लगातार हो रही झमाझम बरसात से खेतों में खड़ी धान की फसल लहलहा रही है , किसानों के चेहरे खिल उठे है । बरसात न थमने के कारण सामान्य जनजीवन ठहर सा गया है। उधर विद्युत वितरण व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है । 
         शनिवार शाम पांच से शुरू हुई रिमझिम बरसात रविवार को भी लगातार जारी है । बरसात से खेतों में खड़ी धान की फसल में रौनक आ गई है । खेतों में फसल लहलहा रही है ।  फसल की पत्तियों से अठखेलियां करती पानी की बूंदे किसानों को सुखद एहसास करा रही है , जिससे उनके चेहरे खिल उठे है । यह बरसात धान की फसल के लिए अमृत वर्षा है । अम्बर से रुक रुक कर हो रही रिमझिम बरसात से धरा पानी ही पानी हो गई है । बारिश की बूंदे न बंद होने के कारण लोग घरों में कैद है । उनका जीवन ठहर सा गया है । सारा कामकाज बुरी तरह प्रभावित है।

ध्वस्त बिजली व्यवस्था , उपभोक्ता परेशान

शनिवार शाम शुरू हुई रिमझिम बरसात के साथ ही विद्युत वितरण व्यवस्था को ध्वस्त कर दिया है । शाम से गुल हुई बिजली पूरी रात नहीं आई। क्षेत्र के जमुनापुर विद्युत उपकेंद्र से किरवाहार फीडर विगत 72 घंटे से बंद है । यही हाल तहसील उपकेंद्र से चलने वाले लक्ष्मीगंज फीडर का है । ऊंचाहार नगर क्षेत्र को भी शनिवार शाम से लेकर सोमवार पूरा दिन  बिजली नहीं मिल पाई है । बिजली विभाग के अधिशाषी अभियंता धीरेन्द्र सिंह ने बताया कि बरसात के कारण विद्युत लाइन में गड़बड़ी आ रही है । बरसात होने की वजह से इन्हें दुरुस्त करने में भी दिक्कत आ रही है , फिर भी मरम्मत के लिए टीमें लगी है।


राजमार्ग के अंडरपास में घुटनों तक पानी 

बरसात के कारण लखनऊ प्रयागराज राजमार्ग में बने अंदर पास पूरी तरह पानी में डूब गए है । हाल ही में बनाए गए इन अंडर पास में जलनिकासी की ठीक से व्यवस्था नहीं की गई।  यहां पर अत्यधिक ढलान होने के कारण पानी एकत्र हो रहा है , जलनिकासी  न होने के कारण पानी एकत्र हो रहा है । जिससे अंडर पास पूरी तरह डूब गए है । जिससे आवागमन में असुविधा हो रही है। क्षेत्र के सवैया तिराहा , बटोही होटल , पिपरहा आदि अंडर पास से आवागमन पूरी तरह बंद हो चुका है। उधर नगर के रेलवे क्रॉसिंग के पास ओवर ब्रिज के नीचे सर्विस रोड पर नाली का निर्माण न होने पर पूरी सड़क पानी में डूबी हुई है। इस सड़क पर बड़े बड़े गड्ढे हो गए है । जलभराव और गड्ढों के कारण उसमें वाहन उलझकर पलट जाते है , जिसके कारण लोग चोटिल हो रहे है।