पत्नी से अवैध संबंधों के शक में की थी दोस्त की हत्या, 150 CCTV कैमरों में भी नहीं आया नजर
जेल से भागे कैदी असरूद्दीन ने आठ जनवरी 2024 को पत्नी से अवैध संबंधों के शक में दोस्त इस्माइल (25) की गला रेतकर हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी को 14 जनवरी 2024 को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
असरूद्दीन मूल रूप से असम का रहने वाला है। उसके तिवारीपुर कैलाशनगर स्थित घर में इस्माइल का आना जाना था। असरूद्दीन को शक था कि उसकी पत्नी अख्तरी के इस्माइल से अवैध संबंध हैं।
हत्या के आरोपी के फरार होने पर सक्रिय हुई पुलिस
इस कारण उसने हत्या की योजना बनाई। इस्माइल कबाड़ बीनने का काम करता था।जिला जेल से हत्या के आरोपी के फरार होने की सूचना मिलते ही कमिश्नरी पुलिस सक्रिय हो गई। सभी जोन की पुलिस को असरूद्दीन की जानकारी भेज दी गई है। डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता, एसीपी अंजलि विश्वकर्मा समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
मैनहोल और डक्ट भी देखे गए
पुलिस और क्राइम ब्रांच के तेज तर्रार सिपाहियों की जेल में लगे पेड़ों की तलाशी कराई गई लेकिन उसकी जानकारी नहीं हुई। अंदर बने मैनहोल और डक्ट भी देखे गए। कोतवाली में असरूद्दीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी चल रही है।
150 सीसीटीवी कैमरों में भी नहीं आया नजर
पुलिस ने जेल के अंदर, बाहर और ऑपरेशन त्रिनेत्र के अंतर्गत लगाए गए 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखे लेकिन असरूद्दीन किसी में भी दिखाई नहीं दिया है। जेल के अंदर लगी सर्च लाइट और ड्रैगन टॉर्च से संवेदनशील क्षेत्रों की जानकारी जुटाई गई। बैरक के अंदर कैदियों और बंदियों से पूछताछ की गई।

rexpress 