ठाकुरों में उनसे बड़ा..., योगी सरकार में किसे मंत्री बना देखना चाहते हैं शिवपाल? जमकर की तारीफ

ठाकुरों में उनसे बड़ा..., योगी सरकार में किसे मंत्री बना देखना चाहते हैं शिवपाल? जमकर की तारीफ

-:विज्ञापन:-

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल सिंह यादव ने कभी साथ रहे रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की एक बार फिर खुलकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि राजा भैया अपने बल पर चुनाव जीतकर आते हैं।

यह इस बात का सबूत है कि वह अपने क्षेत्र में काम करते हैं। राजा भैया की तारीफ करते-करते शिवपाल यहां तक कह गए कि ठाकुरों में उनसे बड़ा आदमी तो अभी बीजेपी में कोई है नहीं, उन्हें मंत्री बनाना चाहिए।

शिवपाल सिंह यादव ने राजा भैया की ये तारीफ 'भारत समाचार' के पॉडकास्ट में की। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि राजा भैया से हमारी बात होती थी। वह हमारे साथ गठबंधन में थे। उनको जेल भी भेजा गया। 2003 में बसपा के विधायक तोड़ सपा की सरकार बनवाने में राजा भैया की क्या भूमिका थी? इस सवाल पर शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि राजा भैया साथ थे।

राजा भैया को मंत्री बना दिया। एक नहीं दो बार (2003 और 2012 में) बनाया गया। वह नेताजी का सम्मान करते थे। हमारा भी सम्मान करते थे, आज भी करते हैं। यह तो बात सही है कि वह अपने बल पर जीतकर आते हैं। काम करते हैं। जनता का दिल जीतते हैं। तभी तो जीतकर आते हैं।

ऐसा नहीं कि शिवपाल ने राजा भैया की सिर्फ तारीफ ही की। उन्होंने यह भी बताया कि आज की तारीख में राजा भैया की कौन सी बात उन्हें अच्छी नहीं लगती। शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि इन दिनों वह विधानसभा में जो बोलते हैं वो बात अच्छी नहीं लगती। इस पॉडकॉस्ट में शिवपाल सिंह यादव ने अतीत में यूपी की सियासत में हुई कई महत्वपूर्ण घटनाओं पर लंबी बातचीत की।

शिवपाल सिंह यादव ने झांसी के विधायक पूरन सिंह बुंदेला से जुड़ा एक किस्सा भी सुनाया। उन्होंने बताया कि कुछ कहासुनी के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया था। हम लोग मुलाकात करने गए थे लेकिन मुलाकात नहीं करने दी गई। तब हम लोग धरने पर बैठ गए थे।