रायबरेली-डूब गए राजमार्ग के अंडर पास , एसडीएम से की शिकायत

रायबरेली-डूब गए राजमार्ग के अंडर पास , एसडीएम से की शिकायत
रायबरेली-डूब गए राजमार्ग के अंडर पास , एसडीएम से की शिकायत

-:विज्ञापन:-



 रिपोर्ट-सागर तिवारी

ऊंचाहार - रायबरेली - प्रयागराज और रायबरेली के मध्य राजमार्ग के चौड़ीकरण और बाई पास निर्माण के दौरान बनाए गए सभी अंडर पास पानी से डूब चुके है । जिनसे आवागमन बंद हो गया है । इस बारे में क्षेत्र के गांव पूरे राम जियावन निवासी मनीष शुक्ल ने एसडीएम को शिकायती पत्र सौंपा है।
      प्रयाग महाकुंभ से पहले रायबरेली से प्रयागराज तक राजमार्ग का चौड़ीकरण और विभिन्न कस्बों में बाई पास बनाया गया था । अति भीड़भाड़ वाले इस राजमार्ग पर जगह जगह अंडर पास बनाया गया है ताकि स्थानीय लोग राजमार्ग पर चढ़कर सफर तय कर सके । इन अंडर पास को काफी गहरा बनाया गया है और पानी की निकासी की मुकम्मल व्यवस्था नहीं की गई है । जिसके कारण सभी अंडर पास में बरसात का पानी भरा हुआ है , जिसमें चार पहिया वाहन तक डूब जाता है । परिणाम स्वरूप लोग उल्टी दिशा में राजमार्ग पर सफर तय करते है। यहां तक कि रोडवेज की बसें तक इन अंडर पास में घुसने के बजाय उल्टी दिशा में राजमार्ग पर दौड़ रही है , जिससे हादसे की संभावना बनी हुई है। 
      क्षेत्र के गांव पूरे राम जियावन मजरे सावापुर नेवादा गांव निवासी मनीष शुक्ल ने इस समस्या पर बुधवार को एसडीएम को एक शिकायती पत्र सौंपा है । उन्होंने ऊंचाहार के एस जे एस स्कूल के सामने बने अंडर पास का जिक्र करते हुए कहा है कि इस अंडर पास में कमर तक पानी भरा है । जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है । इसी मार्ग से क्षेत्रीय लोग तहसील मुख्यालय ब्लाक मुख्यालय , बैंकों के लिए आवागमन करते है । डिग्री कॉलेज से लेकर नर्सरी तक के बच्चे भी इससे पूरी तरह प्रभावित है , इसके बावजूद समस्या का कोई समाधान नहीं किया जा रहा है। उधर एसडीएम राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि इस समस्या को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। उनसे बात करके समस्या का हल कराया जाएगा।