रायबरेली-विचित्र बीमारी:तेज बुखार में अचेत होकर उछलने कूदने लगा युवक , जिला अस्पताल में हुई मौत

रायबरेली-विचित्र बीमारी:तेज बुखार में अचेत होकर उछलने कूदने लगा युवक , जिला अस्पताल में हुई मौत

-:विज्ञापन:-




रिपोर्ट-सागर तिवारी

ऊंचाहार-रायबरेली - क्षेत्र के नजनपुर मजरे दौलतपुर गांव में एक युवक की विचित्र बीमारी से मौत हो गई । इस रहस्यमय बीमारी को लेकर ग्रामीण तरह तरह की चर्चा कर रहे हैं। युवक को अचानक तेज बुखार आया और वह अचेत अवस्था में उछलने कूदने लगा । उसको जिला अस्पताल ले जाया गया , जहां उसकी मौत हो गई है।
        घटना गुरुवार दोपहर की है । गांव के रजमुन्ने ( 25 वर्ष) पुत्र स्व . परागदीन दिहाड़ी मजदूर था । बताया जाता है कि गुरुवार की सुबह वह काम करने गया था । जहां से दोपहर में वापस आया और एक दुकान पर समोसा खाया और कोल्ड ड्रिंक पी । इसके बाद अचानक उसकी तबियत खराब हो गई । उसको तेज बुखार था । गांव के लोग उसको लेकर निजी अस्पताल पहुंचे तो उसके शरीर का तापमान 107 डिग्री था । उसने अपनी चेतना खो दी और वह उछलने कूदने लगा था । वह भागकर कई बार खड्ड में कूद गया था , जिससे उसके शरीर में चोट भी आ गई । उसके बाद उसे  सीएचसी ले जाया गया । जहां चिकित्सकों को भी उसकी बीमारी समझ नहीं आई तो उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया । गुरुवार की शाम को उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई । उसके शरीर में चोट के कारण चिकित्सकों ने उसकी सूचना पुलिस को दी । सूचना पाकर जिला अस्पताल पहुंची सदर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिए भेजा है । इधर गांव में इस विचित्र बीमारी से मौत को लेकर तरह तरह की चर्चाएं है ।