रायबरेली रेलवे स्टेशन पर एसी वेटिंग रूम तैयार, सुविधा मिलने का इंतजार

रायबरेली रेलवे स्टेशन पर एसी वेटिंग रूम तैयार, सुविधा मिलने का इंतजार

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824

रायबरेली-करीब साढ़े तीन महीने से शहर के रेलवे स्टेशन पर वातानुकूलित प्रतीक्षालय का लाभ यात्रियों को नहीं मिल पा रहा है। एसी वेटिंग रूम का नवीनीकरण कार्य पूरा हो चुका है, फिर भी अभी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।

उम्मीद है कि जल्दी ही एसी वेटिंग रूम चालू कर दिया जाएगा। इसमें बैठने के लिए अब यात्रियों को शुल्क देना है। वेटिंग रूम में शुरू की गई नई सुविधाओं से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर स्टेशन अधीक्षक कार्यालय के पास प्रथम श्रेणी के दो एसी वेटिंग रूम बने हैं, जिनमें एक कक्ष में महिलाएं तो दूसरे कक्ष में पुरुष यात्री बैठकर ट्रेनों का इंतजार कर सकते हैं। जुलाई महीने में वातानुकूलित प्रतीक्षालय को नवीनीकरण कराने के लिए बंद कर दिया गया था। लगभग साढ़े तीन महीने से चल रहा काम अब पूरा हो चुका है, लेकिन अभी तक सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। महिला प्रतीक्षालय पर बंद होने का नोटिस लगा है तो पुरुष प्रतीक्षालय पर कार्य प्रगति पर चल रहे होने का नोटिस चस्पा है। दोनों प्रतीक्षालयों को संवारने का काम पूरा हो गया है, जिससे काफी आकर्षक लग रहा है। इन वेटिंग रूम में सभी आधुनिक सुविधाएं मुहैया रहेंगी।
दोनों वेटिंग रूम इसी हफ्ते शुरू करने की योजना थी, लेकिन जलापूर्ति और विद्युत संबंधी कुछ दिक्कतें आ रही हैं। साथ ही कुछ औपचारिकताएं भी पूरी करनी बाकी हैं। इन्हें भी जल्द पूरा कर लिए जाने उम्मीद है। यह कहा जा रहा है कि अगले हफ्ते दोनों वेटिंग रूम यात्रियों के लिए खोल दिए जाएंगे। वाणिज्य निरीक्षक डीडी शुक्ला का कहना है कि दोनों एसी वेटिंग रूम के संचालन की जिम्मा दिल्ली की एक फर्म को दिया जा चुका है। कुछ छोटी-छोटी दिक्कतें आने की बात पता चली है, जिसकी वजह से वेटिंग रूम यात्रियों के लिए नहीं खुल रहे हैं। जल्दी ही इन दिक्कतों को दूर करा दिया जाएगा। यात्रियों को अब ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। वेटिंग रूम में बैठने के लिए प्रति घंटे की दर से शुल्क देना होगा।