Raibareli-भदोखर थानेदार ने पेस की मानवता,पढ़िए पूरी खबर
- भदोखर थाना क्षेत्र में मंगलवार की शाम दो साल की बेटी के साथ एक महिला शारदा नहर में कूद गई। खोजबीन के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चल पाया। ससुराल पक्ष का कहना है कि महिला मानसिक रूप से बीमार थी, वहीं मायका पक्ष का आरोप है कि पति की प्रताड़ना के चलते उसने नहर में छलांग लगाई।
सीओ सदर वंदना सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की। पति ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उसकी पत्नी मानसिक रूप से बीमार रहती थी। उसका इलाज भी चल रहा था। उसकी हालत में सुधार नहीं हो रहा था।
इस वजह से उसने ऐसा कदम उठाया। सीओ ने बताया कि मां-बेटी की खोजबीन के लिए राष्ट्रीय आपदा राहत दल की टीम को बुलाया गया है। मायका पक्ष ने पति पर महिला को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कराई जा रही है।
शारदा नहर में महिला के बेटी संग कूदने की जानकारी मिली तो थानेदार राजेश कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल पर ग्रामीणों का मजमा जुटा था। कोई नहर में कूदने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। इस पर थानेदार ने वर्दी उतारी और स्वयं नहर में कूदकर मां-बेटी की खोजबीन करने लगे, लेकिन दोनों का कुछ पता नहीं चल पाया। थानेदार कहते हैं कि नहर में पानी का बहाव तेज है। आशंका है कि मां-बेटी बहकर दूर चली गई। दोनों की खोजबीन में गोताखोरों की मदद ली जा रही है।