रायबरेली: बारिश से जलभराव, जाम से जूझा शहर

रायबरेली: बारिश से जलभराव, जाम से जूझा शहर

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824

मानसून मेहरबान है और लगातार बारिश का दौर चल रहा है। शुक्रवार को पूरे दिन कभी तेज को कभी रिमझिम बारिश होती रही। इससे शहर में सड़कें डूब गईं। रक्षाबंधन की तैयारी शुरू होने से शहर में काफी भीड़ रही।

इसका असर यातायात पर पड़ा। जाम लगने से लोग परेशान रहे। शुक्रवार को 32 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

शुक्रवार सुबह से ही बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। सुबह हल्की बारिश हुई तो दोपहर में एक घंटे तक झमाझम पानी बरसा। इससे शहर में जगह-जगह जलभराव हो गया। स्कूली बच्चों को भीगते हुए घर पहुंचाना पड़ा। बारिश और जलभराव से कारण शहर में जाम लगता रहा। सिविल लाइन चौराहे पर शाम के समय जाम लगने से लोग परेशान हो गए। पूरी यातायात व्यवस्था हांफने लगी।

शहर की मधुबन क्रॉसिंग रोड, घंटाघर, सुपर मार्केट रोड, प्रभु टाउन, घोसियाना रोड, कचहरी रोड पर जलभराव रहा। बारिश से आईटीआई मार्ग, बालापुर में सड़क धंस गई। इस दौरान एक ई रिक्शा सड़क पर बने गड्ढे में फंस गया, जिसे लोगों ने किसी तरह निकाला। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री रहा।

इंदिरा गांधी उड़ान अकादमी फुरसतगंज के मौसम विशेषज्ञ दीतेंद्र सिंह ने बताया कि मानसून की अक्षीय रेखा सीधी है, इस कारण बारिश हो रहा है। अगले 24 घंटे में मध्यम बारिश की संभावना है।