ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक अब करेंगे ये नौकरी, फिर से ज्वॉइन करेंगे पुरानी कंपनी
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री रह चुके ऋषि सुनक जल्द ही नई नौकरी करते नजर आएंगे। भारतीय मूल के ऋषि सुनक वॉल स्ट्रीट बैंक में विश्लेषक के रूप काम करने के दो दशक बाद गोल्डमैन सैक्स ग्रुप इंक में वरिष्ठ सलाहकार के रूप में काम करेंगे।
अक्टूबर 2022 से जुलाई 2024 तक ब्रिटेन के प्रधानमंत्री रहे ऋषि सुनक यहां न्यूयॉर्क स्थित गोल्डमैन के अधिकारियों के साथ मिलकर वैश्विक स्तर पर मौजूद क्लाइंट्स को आर्थिक विषयों पर सलाह देंगे।
कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डेविड सोलोमन ने मंगलवार को एक बयान में इसकी घोषणा की है। उन्होंने एक बयान में कहा, " वे मैक्रोइकोनॉमिक और जियो पॉलिटिकल परिदृश्य पर अपने दृष्टिकोण साझा करेंगे।"
गौरतलब है कि पिछले साल ऋषि सुनक के नेतृत्व में ब्रिटेन के आम चुनाव में कंजर्वेटिव पार्टी को अब तक की सबसे बुरी हार का सामना करना पड़ा था। सुनक फिलहाल उत्तरी इंग्लैंड के रिचमंड और नॉर्थलेर्टन निर्वाचन क्षेत्र से सांसद हैं।
2015 में बने थे सांसद
45 वर्षीय सुनक पहले भी गोल्डमैन के लिए काम कर चुके हैं। उन्होंने 2000 में इस कंपनी के साथ बतौर समर इंटर्न के रूप में काम किया था। इसके बाद 2001 से 2004 तक उन्होंने यहां विश्लेषक के रूप में काम किया। उन्होंने अरबपति क्रिस होन के द चिल्ड्रन्स इन्वेस्टमेंट फंड के साथ जुड़कर हेज फंड इंडस्ट्री में कदम रखा था। इसके बाद 2009 में थेलेम पार्टनर्स में जाने से पहले उन्होंने टीसीआई में विश्लेषक के रूप में काम किया था। अपना राजनीतिक करियर शुरू करने के लिए इस इंडस्ट्री छोड़ दिया था और 2015 में सांसद बन गए थे।

rexpress 