रायबरेली में मुर्गी चोरी का विरोध करना युवक को पड़ा भारी
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
मुर्गी चोरी का विरोध करने पर बुधवार देर शाम महिला ग्राम प्रधान के देवर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपियों ने धारदार हथियार से एक के बाद एक शरीर पर चार वार किए। हाथ, पैर, सिर में गंभीर चोटें आईं।
भतीजे की तहरीर पर बृहस्पतिवार को मिल एरिया थाने में चार आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया। पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया है।
मिल एरिया थाना क्षेत्र के कोड़रस बुजुर्ग गांव की प्रधान रामावती के देवर रजत यादव उर्फ पुराने यादव (32) पुत्र स्व. सुखनंदन का गांव में ही पोल्ट्री फार्म है। बुधवार शाम पांच बजे रजत पोल्ट्री फार्म की देखरेख करने पहुंचे थे। इसी दौरान पूरे गड़रियन गांव के चार लोग पहुंचे और पोल्ट्री फार्म से मुर्गी चुरा ली। मुर्गी ले जाते समय रजत की नजर चार लोगों पर पड़ गई।
रजत ने मुर्गी चोरी का विरोध किया तो आरोपियों ने धारदार हथियार से ताबड़तोड़ कई बार कर दिए। इससे रजत गंभीर रूप से घायल हो गए। शोरगुल पर आसपास के खेतों में काम करने वाले ग्रामीणों ने घटना की सूचना घर वालों को दी। घर वालों ने रजत को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया। वहां देर रात उनकी मौत हो गई।
मिल एरिया थाना प्रभारी राजीव सिंह के मुताबिक घटना में शामिल आरोपी कूड़ा कचरा बिनने का कार्य करते हैं। भतीजे नीरज की तहरीर पर अज्ञात में केस दर्ज किया गया है। बाद में आरोपियों की पहचान मनीष, अनमोल, किशनी, अमित उर्फ हीरा के रूप में हुई है। चारों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
वारदात से ग्रामीणों में आक्रोश
भतीजे नीरज ने बताया कि रोज की तरह चाचा रजत शाम को पोल्ट्री फार्म की देखरेख करने गए थे। गांव वालों की सूचना पर मौके पर पहुंचा तो चाचा गंभीर रूप से जख्मी पड़े थे। बचाव-बचाव कह रहे थे। चाचा को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। महिला ग्राम प्रधान के देवर की हत्या से ग्रामीणों में आक्रोश है। परिजनों के आंसू नहीं थम रहे हैं। ग्राम प्रधान ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।



