आज दर्द में है गंगा का मायका... सैलाब में बहते उत्तराखंड के धराली के 5 खौफनाक वीडियो

आज दर्द में है गंगा का मायका... सैलाब में बहते उत्तराखंड के धराली के 5 खौफनाक वीडियो

-:विज्ञापन:-

उत्तरकाशी के धराली क्षेत्र में बादल फटनेसे भारी तबाही मची है. इस घटना में कई लोगों की मौत की खबर है. वहीं 50 से ज्यादा लोग लापता हैं. मौके पर एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं.

घटना हर्षिल के पास स्थित धराली इलाके में घटी. इसमें एक पूरा गांव बह गया. अचानक जलस्तर बढ़ने के बाद स्थानीय बाजार की कई इमारतें भी जमींदोज हो गईं. बड़े पैमाने पर नुकसान की खबर है. इस घटना के कई वीडियो भी सामने आए हैं.
इलाके के गांवों में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षित जगह की तलाश में इधर-उधर भाग रहे हैं. इलाके के वीडियो में पानी के तेज बहाव और लोगों को दहशत में चीखते-पुकारते देखा जा सकता है.
धराली गंगोत्री धाम से करीब 20 किलोमीटर पहले पड़ता है और यात्रा का प्रमुख पड़ाव है. एक स्थानीय प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि खीर गंगा के जल ग्रहण क्षेत्र के ऊपर बादल फटा, जिसकी वजह से नदी में विनाशकारी बाढ़ आ गयी.
अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से नदी के किनारों से दूरी बनाए रखने और बच्चों तथा पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया है. बादल फटने के बाद आए सैलाब की वजह से वहां 20-25 होटल और होम स्टे के बहने की सूचना है.
उत्तरकाशी के धराली, खीर गाढ़ में जलस्तर बढ़ने से धराली मार्केट क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ है. राहत एवं बचाव कार्यों के लिए एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जिला प्रशासन और अन्य संबंधित टीमें युद्ध स्तर पर जुटी हुई हैं. स्थिति की गहन निगरानी की जा रही है.
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 4 अगस्त को उत्तराखंड के कई इलाकों के लिए अलर्ट जारी किया था. आईएमडी ने उत्तरकाशी, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी और चमोली सहित उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की थी.