रायबरेली-गंगा तट पर जुट लाखों श्रद्धालु , महाआरती के साथ शुरू हुआ तीन दिवसीय मेला

रायबरेली-गंगा तट पर जुट लाखों श्रद्धालु , महाआरती के साथ शुरू हुआ तीन दिवसीय मेला

-:विज्ञापन:-



     रिपोर्ट-सागर तिवारी

ऊंचाहार- रायबरेली -कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर क्षेत्र के गोकना गंगा घाट का तीन  दिवसीय मेला गुरुवार को गंगा महाआरती के साथ शुरू हो गया । गुरुवार से ही गंगा घाट पर लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं का जुटना शुरू हो गया है ।
      धार्मिक और पौराणिक महत्व की कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान दान के लिए गुरुवार से ही क्षेत्र के गोकना गंगा घाट पर भीड़ जुटना शुरू हो गई । गुरुवार सुबह से ही अमेठी , सुल्तानपुर के अलावा रायबरेली के छतोह, नसीराबाद , डीह , सलोन, गांधीनगर , जायस आदि क्षेत्रों से श्रद्धालु विभिन्न साधनों से आना शुरू हो गए थे । शाम तक गोकना गंगा घाट का सैकड़ों बीघे में फैला पूरा क्षेत्र खचाखच भर गया । लाखों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालु शुक्रवार की प्रातः पूर्णिमा पर गंगा स्नान करेंगे ।

महाआरती के साथ शुरू हुआ तीन दिवसीय मेला 

शुक्रवार की शाम चार बजे गोकना गंगा घाट पर मां भागीरथी की सामूहिक आरती की गई । इसका आयोजन मां गंगा गोकर्ण समिति ने किया था । वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित जितेंद्र द्विवेदी ने गंगा घाट पहुंचे अतिथियों द्वारा मां गंगा का पूजन कराया गया । उद्यान मंत्री दिनेश सिंह के अनुज बृजेश सिंह , पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सुमन सिंह ,एसडीएम सिद्धार्थ चौधरी , तहसीलदार आकांक्षा दीक्षित , खंड विकास अधिकारी कामराज नेमानी , प्रधान संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष रवींद्र सिंह , कोतवाल संजय कुमार गंगा महाआरती में शामिल हुए । इस मौके पर  सामूहिक आरती और दीपदान का आयोजन हुआ । इस मौके पर 11 सौ मिट्टी के दिए गंगा नदी में प्रवाहित किए गए । इस आयोजन में प्रमुख रूप से रतिपाल शुक्ल , डा अजहर अब्बास नकवी , हरिश्चंद कौशल , अमरेंद्र सिंह चच्चू , राम प्रताप साहू आदि शामिल थे।

गंगा घाट बन गया तंबुओं का शहर 

दूर दराज से गोकना गंगा घाट पर लोग परिवार सहित आए है । जिसमें महिलाएं और बच्चों के अलावा बुजुर्ग भी शामिल है। यह लोग रात भर गंगा तट पर रहेंगे । जिन्होंने अपने लिए तंबू भी लगा लिया है , जहां वो ठंड भरी रात व्यतीत करके शुक्रवार प्रातःकाल गंगा स्नान करेंगे ।
 
स्वच्छता का दिया जा रहा संदेश 

गंगा तट पर आने वाले स्नानार्थियों को मां गंगा गोकर्ण समिति द्वारा स्वच्छता का लगातार संदेश दिया जा रहा है । गंगा तट को स्वच्छ रखने , अपशिष्ट को गंगा में न फेंकने और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले कार्य न करने का लगातार संदेश लाउडस्पीकर से दिया जा रहा है ।