थाना शिवगढ़ पुलिस द्वारा मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति को उसके परिजनों को किया गया सुपुर्द

थाना शिवगढ़ पुलिस द्वारा मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति को उसके परिजनों को किया गया सुपुर्द

-:विज्ञापन:-



रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647

शिवगढ़ रायबरेली। दिनांक 27 फरवरी 2026 को थाना क्षेत्र शिवगढ़ अंतर्गत बस अड्डा के पास एक व्यक्ति को बच्चा चोर समझ कर भीड़ द्वारा घेर लेने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर लगभग 40 से 50 लोगों की भीड़ के बीच घिरे संदिग्ध व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालते हुए अपनी अभिरक्षा में लिया गया। प्राथमिक पूछताछ में उक्त व्यक्ति मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हुआ। जिसकी उम्र लगभग 30 वर्ष आकी गई। स्थानीय लोगों द्वारा बताया गया कि उक्त व्यक्ति कुछ दिन पूर्व मोहनलालगंज लखनऊ के आसपास भी देखा गया था। इस पर पुलिस टीम द्वारा उसे मोहनलालगंज ले जाकर जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया। किंतु कोई ठोस जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी। पुन: पूछताछ में उसने अपना नाम केवल रूपवास, भरतपुर बताया। प्रभारी निरीक्षक शिवगढ़ राजीव सिंह के निर्देशन में उप निरीक्षक गौरव कुमार द्वारा थाना गदागंज में तैनात आरक्षी प्रवीन सिंह (मूल निवासी भरतपुर, राजस्थान) के सहयोग से रूपवास, भरतपुर क्षेत्र के आसपास के गांवों में सोशल मीडिया के माध्यम से फोटो प्रसारित कर पहचान करने का प्रयास किया गया। अथक प्रयासों के उपरांत उक्त व्यक्ति की पहचान नरोत्तम लोधी पुत्र बिशंभर निवासी ग्राम खेरिया थाना रूपवास जनपद भरतपुर राज्य राजस्थान के रूप में हुई है। तत्पश्चात उसके भाई धर्मेंद्र से संपर्क किया गया जिन्होंने बताया कि उसका भाई लगभग 1 वर्ष 10 माह से लापता था तथा पूर्व में भी दो बार घर से चला गया था। उन्होंने यह भी बताया कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ है। दिनांक 1 मार्च को उसके भाई धर्मेंद्र एवं माता श्रीमती गीता स्थानीय थाने पर उपस्थित हुए, जिन्हें आवश्यक सत्यापन कराया गया तथा उक्त मानसिक अस्वस्थ व्यक्ति के कपड़े फटे एवं गंदे थे जिसे पुलिस द्वारा नए कपड़े धारण कराए गए एवं व्यक्ति को भोजन कराकर उसके परिजनों को सकुशल सुपुर्द कर दिया गया है। परिजनों द्वारा पुलिस टीम के त्वरित एवं मानवीय प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया गया है। अभियुक्त को सुपुर्द करने वाली थाना शिवगढ़ पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राजीव सिंह, उप निरीक्षक गौरव कुमार, आरक्षी प्रवीन सिंह, आरक्षी आकाश कुमार, आरक्षी बड़े बाबू की महती भूमिका रही।