रायबरेली में गल्ला व्यापारी की हत्या से आक्रोश, एक करोड़ रुपये मुआवजे की मांग को लेकर बाजार बंद

रायबरेली में गल्ला व्यापारी की हत्या से आक्रोश, एक करोड़ रुपये मुआवजे की मांग को लेकर बाजार बंद

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824

रायबरेली-महरानीगंज में सोमवार की रात हुई गल्ला व्यापारी की हत्या और पत्नी पर जानलेवा हमले के मामले में आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। एक करोड़ रुपये मुआवजा, सरकारी नौकरी समेत विभिन्न मांगों को लेकर परिवारजन और ग्रामीणों ने बुधवार की सुबह सड़क जाम कर कर प्रदर्शन किया।

मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों को परिवारजन ने ज्ञापन देकर अपनी मांगे रखी हैं। वहीं साथी की हत्या से आक्रोशित व्यापारियों ने दूसरे दिन भी बाजार बंद रखा।

बता दें कि महरानीगंज निवासी गल्ला व्यापारी सुखदेव लोधी व उनकी पत्नी सरोजनी सोमवार की रात घर की छत पर बने बरामदे में सो रहे थे।

बदमाशों ने गोली मारकर कर दी थी व्यापारी की हत्या, पत्नी पर भी जानलेवा हमला

देर रात बदमाशों ने सुखदेव का गला रेतकर व गर्दन पर गोली मारकर हत्या कर दी, साथ ही सरोजनी देवी पर भी फायर किया, जिससे गोली उनके पेट के पास लगी। घटना में सुखदेव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सरोजनी का एम्स में उपचार किया जा रहा है। मामले में मृतक के परिवारजन व ग्रामीण बुधवार की सुबह विभिन्न मांगों को लेकर सेमरी-सरेनी रोड जाम कर प्रदर्शन करने लगे। मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी मिथिलेश त्रिपाठी को परिवारजन ने ज्ञापन सौंपा। इस दौरान करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा।

ज्ञापन में की मांग

ज्ञापन में मृतक की पत्नी का उपचार व बच्चों की पढ़ाई का खर्च सरकार द्वारा वहन किए जाने, पीड़ित परिवार की सुरक्षा व एक करोड़़ रुपये मुआवजा, अपराधियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी व उन्हें फांसी की सजा दिए जाने की मांग समेत मृतक की बड़ी पुत्री को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग की गई है।

साथी की हत्या से क्षेत्र के व्यापारियों में रोष, सौंपा ज्ञापन

उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर गहरी नाराजगी जताई। व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष विवेक शर्मा ने कहा कि सुखदेव लोधी की हत्या से व्यापारियों में असुरक्षा की भावना फैल गई है। पुलिस प्रशासन व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर जल्द से जल्द आवश्यक कदम उठाए। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने घायल महिला के जीवन की रक्षा को लेकर प्रार्थना की। व्यापारियों ने क्षेत्राधिकारी गिरजा शंकर त्रिपाठी से मुलाकात कर शीघ्र वारदात के राजफाश की मांग की।

खीरों व्यापार मंडल अध्यक्ष दुर्गा सिंह राठौर, सेमरी व्यापार मंडल अध्यक्ष डा. ओमप्रकाश शुक्ला, गुरबक्शगंज व्यापार मंडल अध्यक्ष हरि शंकर गुप्ता लाला, महामंत्री अफसर खान, कोषाध्यक्ष सुरेश सोनी, सोनू गुप्ता, अमरदीप राठौर आदि ने घटना पर रोष जताया है।