रायबरेली-बदहाल सड़को को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी, सड़को पर किया धान की रोपाई
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8583856824
रायबरेली-इलाके में संपर्क मार्ग हो या मुख्यमार्ग, सभी की हालत खराब है। रोड बनवाने के लिए ग्रामीणों लगातार प्रशासन से मांग कर रहे हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। इससे नाराज ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को उधनपुर मार्ग पर भरे पानी में धान की रोपाई कर विरोध जताया।
दीनशाह गौरा ब्लॉक में उधनपुर तिराहे से बीबीपुर, मटियारा, हजरतपुर, धीरनपुर व नेवादा पट्टी से होकर गंगाघाट को जाने वाली सड़क पर गड्ढों की भरमार है। पूरी रोड पर बारिश का पानी भरने से लोगों को आने जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कई बार लोक निर्माण विभाग व जिलाधिकारी को प्रार्थनापत्र देकर मार्ग को दुरुस्त कराने के की मांग की, लेकिन सड़क की बदहाली दूर नहीं हुई। बृहस्पतिवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर भरे बारिश के पानी में धान की रोपाई कर नाराजगी जताई और प्रशासन से जल्द सड़क बनवाने की मांग की है।
ग्रामीण अजय कुमार, सीताराम व देशराज सिंह ने कहा कि चार वर्ष से रास्ता पूरी तरह से खराब है। मिट्टी खनन में लगे डंपरों ने रोड की सूरत बिगाड़ दी है। इस मौके पर रवींद्र, शेरबहादुर, श्याम कुमार, सुरेंद्र कुमार, राजेंद्र कुमार, ओमप्रकाश, रामसुमेर, संगीता, कलावती, चंद्रकली, राजकुमारी, बीनू देवी व विमलेश कुमारी ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क जल्द न बनवाई गई तो धरना प्रदर्शन के लिए मजबूर होंगे। एक्सईएन संजीव कुमारी का कहना है कि रोड खराब होने की जानकारी नहीं है। जल्द ही गड्ढों की भराई कराई जाएगी।

rexpress 