डिपो को मिलेंगी पांच नई बसें, सफर होगा सुहाना
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली परिवहन निगम के रायबरेली डिपो के बेड़े में जल्द ही पांच नई बसें शामिल होंगी। इन बसों को दिल्ली, बरेली, बनारस सहित अन्य बड़े रूटों पर संचालित करने की तैयारी है। नई बसों के मिलने के बाद यात्रियों का सफर और सुहाना हो सकेगा।
रायबरेली डिपो के पास वर्तमान समय में 155 बसें हैं। इसमें डिपो की 74 और अनुबंधित 81 बसों का संचालन विभिन्न रूटों हो रहा है। इसमें काफी बसें पुरानी हो गईं हैं। मरम्मत आदि पर खर्च अधिक आ रहा है। बीती फरवरी में डिपो को 10 नई बसें मिली थीं। इन बसों को दिल्ली, लखनऊ, कानपुर सहित अन्य बड़े रूटों पर चलाया गया था। अयोध्या के लिए सीधी बस सेवा आरंभ की गई है। वर्तमान समय में लखनऊ रूट पर करीब 80 और कानपुर रूट पर 30 बसें दौड़ रही हैं। प्रयागराज रूट पर नौ, प्रतापगढ़ मार्ग पर आठ और सुल्तानपुर मार्ग पर सात बसें चल रहीं हैं।
जिले के लोकल रूटों पर कई बसों का संचालन हुआ है। पांच नई बसें और मिलने के बाद विभिन्न रूटों पर बसों का और बेहतर ढंग से संचालन होगा। लखनऊ और रायबरेली के बीच लोगों का सबसे अधिक आवागमन होता है। इस रूट पर हर 20 मिनट में एक बस की सुविधा मिल रही है। नई बसों के मिलने के बाद इस रूट पर सफर और आसान होगा।
जरूरी रूटों को कवर करेंगे
एमएल केसरवानी, एआरएम रायबरेली डिपो
डिपो को पांच और नई बसें मिलने की उम्मीद है। नई बसों को बड़े रूटों पर संचालित कराकर यात्रियों को बेहतर सुविधा दी जाएगी। उपलब्ध बसों के माध्यम से सभी जरूरी रूटों को कवर किया जा रहा है। -

rexpress 