रायबरेली-11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का हुआ आगाज*

रायबरेली-11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का हुआ आगाज*

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-केशवानन्द शुक्ला

*मातृभूमि सेवा मिशन रायबरेली इकाई ने शुरू किया 5 दिवसीय योग एवं स्वास्थ्य संवाद*

*योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाएं : ए.एसपी संजीव कुमार सिन्हा*

*योग भारतीय संस्कृति की आत्मा है : पं. गोविंद भाई जी*

*योग भारतीय ऋषियों की अनमोल देन है, जो सम्पूर्ण विश्व को स्वास्थ्य, समभाव और आत्मिक उन्नति की राह दिखाता*


*पार्क में निःशुल्क योग शिविर  प्रातः 5 से प्रातः 7 बजे तक सैकड़ों लोगों ने किया योगाभ्यास* 

*मातृभूमि सेवा मिशन के संस्थापक डॉ. श्री प्रकाश मिश्र का जन्मदिवस मनाकर बच्चों को वितरित की गई शैक्षिक सामग्री*

रायबरेली। मातृभूमि सेवा मिशन इकाई रायबरेली ने 21 जून को होने वाले 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में शहर स्थित शहीद स्मारक राणा बेनी माधव बख्श सिंह पार्क में 5 दिवसीय 'योग एवं स्वास्थ्य संवाद दिवस' का भव्य शुभारंभ 18 जून, से शुरू किया। यह आयोजन 22 जून तक प्रतिदिन प्रातः 5 से प्रातः 7 बजे तक आमजन के लिए निःशुल्क आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि अपर पुलिस अधीक्षक  संजीव कुमार सिन्हा और विशिष्ट अतिथि प्रख्यात कथा वाचक पं. गोविंद भाई जी ने योगेश्वर भगवान श्री कृष्ण और भारत माता की छवि के समक्ष दीप प्रज्वलित कर और उनकी छवि पर माल्यार्पण कर किया। मुख्य अतिथि  संजीव कुमार सिन्हा ने कहा योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक और आत्मिक संतुलन का पथ है। योग से जीवन अनुशासित होता है और व्यक्तित्व में संतुलन आता है। आज के तनावपूर्ण समय में योग एक आवश्यक जीवनशैली है। हमें अपने परिवार और समाज में योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। इस आयोजन से समाज में स्वस्थ चेतना जागृत हो रही है। श्री सिन्हा ने उपस्थित जनसमूह के साथ योगाभ्यास कर सकारात्मक ऊर्जा का संदेश दिया।  विशिष्ट अतिथि कथा वाचक पं. गोविंद भाई जी ने योग के महत्व पर कहा कि योग भारतीय ऋषियों की अनमोल देन है, जो सम्पूर्ण विश्व को स्वास्थ्य, समभाव और आत्मिक उन्नति की राह दिखाता है। योग शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करता है। यह केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक दिव्य कला है। भारत ने विश्व को योग के माध्यम से शांति और संतुलन का मार्ग दिखाया है। आज जब सारी दुनिया भारतीय योग पद्धति को अपना रही है, तो हमें गर्व के साथ इसे अपने जीवन में अपनाना चाहिए। योग मनुष्य को प्रकृति के साथ जोड़ता है, आत्म-अनुशासन की प्रेरणा देता है और मानवता को एक सूत्र में पिरोता है। मातृभूमि सेवा मिशन द्वारा इस प्रयास से रायबरेली की धरती पर सकारात्मक ऊर्जा और स्वास्थ्य का वातावरण निर्मित हो रहा है।योगाचार्य बृजमोहन (बीएम) द्वारा प्रातः 5 बजे से 7 बजे तक योग सत्र संचालित किया गया, जिसमें विभिन्न आसनों के साथ ध्यान एवं प्राणायाम भी शामिल रहे। योग प्रशिक्षिका सोनम गुप्ता ने 13 सूर्य नमस्कार सहित शरीर को संतुलित रखने वाले विविध योगाभ्यास कराए। योगाभ्यास के बाद अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा और आध्यात्मिक गुरु पंडित गोविंद भाई जी ने पार्क के अंदर पौध रोपित किया। इस मौके पर मुंशीगंज पुलिस चौकी इंचार्ज उप निरीक्षक अनुज तोमर पुलिस बल के साथ उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मातृभूमि सेवा मिशन के संस्थापक डॉ. श्री प्रकाश मिश्र के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में नन्हे-मुन्ने स्कूली बच्चों को पाठ्य सामग्री एवं लेखन सामग्री वितरित की गई। साथ ही उपस्थित महिलाओं और पुरुषों को अंगवस्त्र एवं श्री योगेश्वर कृष्ण की छवि प्रतीक चिन्ह के रूप में भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के संयोजक प्रदीप पांडेय ने बताया कि यह शिविर पिछले तीन वर्षों से लगातार प्रतिदिन निःशुल्क संचालित हो रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे नियमित भाग लेते हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रयास समाज में योग के प्रति जागरूकता और स्वास्थ्य के प्रति समर्पण को प्रेरित करता है। संस्थान के संरक्षक महेंद्र अग्रवाल ने कहा कि यह रायबरेली का एकमात्र निःशुल्क योग  प्रशिक्षण शिविर संचालित हो रहा है जो लगातार बिना रुके तीन वर्षों से जनसेवा में कार्यरत है। उन्होंने बताया कि इस बार ग्रामीण अंचलों से भी लोग शिविर में भाग लेने आ रहे हैं, जो इसकी लोकप्रियता का प्रमाण है। मातृभूमि सेवा मिशन रायबरेली के मंडल अध्यक्ष भगवत प्रताप सिंह ने कहा  कि संस्थापक डॉ. श्री प्रकाश मिश्र एक अध्यात्म प्रेरित समाजसेवी हैं, जो स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात करते हुए समाज व राष्ट्रहित में समर्पित हैं। वे देशभर में लाखों लोगों के लिए प्रेरणा स्रोत बन चुके हैं। कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता रवींद्र कुमार सिंह ने भी योग पर अपने विचार व्यक्त किए और इसके महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी आयोजकों का आभार व्यक्त किया। पार्क में प्रतिभागियों के लिए विशेष योग व्यवस्था की गई है, जिसमें आने वाले सभी को सुविधाजनक वातावरण में योग का अभ्यास करने का अवसर मिल रहा है। बताते चले कि मातृ भूमि सेवा मिशन इकाई रायबरेली का आयोजन शहरवासियों एवं जिलेवासियों के लिए न केवल शारीरिक व्यायाम का माध्यम है, बल्कि सामाजिक जागरूकता, सेवा और आध्यात्मिक चेतना का भी सशक्त उदाहरण बनकर उभरा है।