युवक की जहर से हुई थी मौत, महिला ने बताया था फंदा लगाया, FSL भेजा गया बिसरा.नहीं मिली कोई टिकट, पढ़ें मामला
काकादेव के हॉस्टल में शादीशुदा महिला के साथ लिव इन में रह रहे युवक की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में पुलिस ने महिला को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। उसे शनिवार को कोर्ट में पेश किया जा सकता है।
महिला पर युवक के पिता ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिस पर उससे गुरुवार की रातभर पूछताछ हुई। उसने पुलिस और पड़ोसियों को फंदा लगाने से मौत की सूचना दी थी, जबकि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में गला कसने जैसी कोई बात नहीं आई।
पुलिस ने जहरीला पदार्थ निगलने की आशंका पर बिसरा एफएसएल लैब भेजा है। जरौली फेस-दो निवासी स्वीट हाउस संचालक अर्जुन शुक्ला का 24 वर्षीय बेटा लखन करीब छह महीने से बर्रा की शादीशुदा महिला गुनगुन के संपर्क में आ गया था। वह दो महीने पहले घर छोड़कर गुनगुन के साथ काकादेव ओम चौराहा के पास किराये पर हॉस्टल में रह रहा था। लखनऊ का गुरुवार की सुबह संदिग्ध हालात में शव मिला था।
आधे बेड और आधे जमीन पर पड़ा था शव
गुनगुन ने पड़ोसियों और पुलिस को सूचना दी थी कि लखन ने फंदा लगा लिया था, जिसको उन्होंने नीचे उतारा था। हालांकि पुलिस को एक वीडियो भी मिला था। इसमें पड़ोसी दरवाजा तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। कुछ देर बाद गुनगुन दरवाजा खोलती है। अंदर आधे बेड और आधे जमीन पर लखन का शव संदिग्ध हालत में औंधे मुंह गिरा हुआ मिलता है। पुलिस ने अर्जुन शुक्ला की तहरीर पर गुनगुन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
बिसरा को जांच के लिए एफएसएल लैब भेजा
उसे गुरुवार देर रात हिरासत में ले लिया गया था। एडीसीपी कल्याणपुर कपिल देव सिंह ने बताया कि गुनगुन को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने झूठी सूचना दी थी कि लखन ने फंदा लगाया है, जबकि पोस्टमार्टम में मौत की वजह गला कसना नहीं आया है। कमरे में सिर्फ दो ही लोग थे। ऐसे में साजिश के सबूत उसके खिलाफ हैं। पोस्टमार्टम के दौरान लिए गए बिसरा को जांच के लिए एफएसएल लैब लखनऊ भेजा गया है।
पुलिस को नहीं मिले फिल्म के टिकट
एडीसीपी पश्चिम के मुताबिक छात्रावास में रहने वाले कुछ युवकों ने दोनों के फिल्म सैयारा देखकर आने की बात कही थी। वहीं, ढाबे से पता चला कि दोनों रात के करीब पौने एक बजे वहां से निकले थे। ऐसे में फिल्म देखने की बात गलत है। लखन और गुनगुन के मोबाइल से कोई टिकट नहीं मिला है। घर से भी फिल्म का टिकट नहीं मिला है।
महिला अपने बयान पर टिकी
एसीपी कल्याणपुर रंजीत सिंह के मुताबिक महिला अपने बयान पर टिकी हुई है। उसका कहना है कि वह रात में सो गई थी, जबकि लखन मोबाइल में कुछ देख रहा था। रात को नींद खुली, तो उसका शव फंदे से लटका हुआ था। उसकी बात पोस्टमार्टम की रिपोर्ट से बिल्कुल अलग है।
घर में मिलीं दवाएं और टूटी चूड़ियां
पुलिस सूत्रों के अनुसार घर के अंदर टूटी हुई हरी चूड़ियां मिली हैं, जिससे दोनों के बीच हाथापाई होने की आशंका है। हालांकि महिला ने इसका खंडन किया है। उसका कहना है कि घर में कार्य करते हुए चूड़ियां टूट गईं थी। दवाओं के संबंध में पुलिस जांच करा रही है। प्रारंभिक जांच में यह पेन किलर लग रही हैं, जबकि दूसरी गोली का रैपर स्पष्ट नहीं है।
महिला के परिजनों ने नहीं किया संपर्क
रावतपुर इंस्पेक्टर ने बताया कि घटना के बाद युवक के परिजनों ने मुलाकात की है, लेकिन महिला के घरवालों ने संपर्क नहीं किया। महिला का पति दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है। लखन के परिजनों का कहना है कि गुनगुन को उसका पति बर्रा से दो बार ले गया था लेकिन वह मायके में ही आकर रहती थी।

rexpress 