रायबरेली- 24 लाख से बना शवदाह स्थल पांच साल में बदहाल

रायबरेली- 24 लाख से बना शवदाह स्थल पांच साल में बदहाल

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824

लालगंज-विकासखंड क्षेत्र के सेमरपहा ग्राम पंचायत के कैथन का पुरवा गांव में पांच साल पहले करीब 24 लाख रुपये की लागत से शवदाह स्थल का निर्माण कराया गया। चारों ओर बाउंड्रीवाॅल और लोहे के दो बड़े गेट लगाए गए।

परिसर में सबमर्सिबल पंप, शौचालय, स्नानागार और कमरे बनाए गए। शवदाह स्थल और बैठने की जगह पर छाया के लिए टिन शेड लगाया गया, लेकिन यहां अब तक एक भी अंत्येष्टि नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि देखरेख के अभाव में भवन जर्जर हो चुका है। टिन शेड गिर गया है। सबमर्सिबल पंप भी खराब है। परिसर में चारों ओर जंगली खरपतवार हैं। कुछ दिनों पहले पंचायत विभाग ने परिसर में पौधरोपण कर गेट पर अमृत वाटिका का नाम लिखवा दिया, लेकिन आज वहां एक भी पौधा जीवित नहीं है। गांव निवासी राकेश वाजपेयी, अमन श्रीवास्तव, विष्णु, प्रभाकर बताते हैं कि गंगा नदी पास होने के कारण ग्रामीण स्वजनों का अंतिम संस्कार मां गंगा के तट पर करना उचित समझते हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह ग्रामीणों पर निर्भर करता है कि वह शासन की ओर से बनाए गए शवदाह गृह का इस्तेमाल करना चाहते हैं या नहीं। बीडीओ डॉ. गगनदीप सिंह ने कहा कि जल्द ही मनरेगा के तहत स्थल की साफ सफाई कराकर छायादार पौधे लगाए जाएंगे। स्थल को विकसित किया जाएगा।