फाइनेंसकर्मी ने कांच के दरवाजे पर मारा हाथ...जिस तरह हुई उसकी मौत, कांप गया साथियों का कलेजा
सैंया में फाइनेंस कंपनी के रिकवरी एजेंट ने बृहस्पतिवार शाम सात बजे कंपनी के कार्यालय में लगे कांच के दरवाजे पर हाथ मारकर खुद को लहूलुहान कर लिया। साथी कर्मचारी उसे अस्पताल ले गए, जहां रिकवरी एजेंट की मौत हो गई।
घटना की जानकारी पर परिजन ने कंपनी के जोनल मैनेजर पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
सादाबाद, हाथरस के गांव नगला रद्दू निवासी राज चौधरी मित्रता फाइनेंस कंपनी में रिकवरी एजेंट थे। कंपनी आधार कार्ड पर छोटे लोन देती है। परिजन का आरोप है कि वसूली कम होने पर तीन दिन से कंपनी के जोनल मैनेजर अनुराग रावत राज को प्रताड़ित कर रहे थे। बृहस्पतिवार रात परेशान होकर राज चौधरी कार्यालय पहुंचे। इसके बाद कार्यालय में लगे कांच के दरवाजे पर हाथ मारना शुरू कर दिया। इस दौरान कांच लगने की वजह से हाथ फट गया। इससे वह घायल हो गए।
उन्हें साथी एसएन मेडिकल काॅलेज लेकर पहुंचे, जहां उन्हें चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। मृतक के पिता बलवीर सिंह ने जोनल मैनेजर अनुराग रावत के खिलाफ केस दर्ज कराया है। एसओ ने बताया कि मृतक राज के परिजन की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। एसीपी डाॅ. सुकन्या शर्मा ने बताया कि मामले में केस दर्ज किया है। हाथ कटने की वजह से अत्यधिक खून बह गया था। इस वजह से जान चली गई। मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

rexpress 