रायबरेली- स्कूली वैन पर बच्चों को बैठाने को लेकर खूनी संघर्ष: 6 लोग घायल

रायबरेली- स्कूली वैन पर बच्चों को बैठाने को लेकर खूनी संघर्ष: 6 लोग घायल

-:विज्ञापन:-

,,  


रिपोर्ट-सागर तिवारी




ऊंचाहार-रायबरेली- थाना क्षेत्र के ग्राम सरकपुर डिहवा में शनिवार को स्कूली वैन पर बच्चों को बैठाने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। इस घटना में दो महिलाओं सहित आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं।
घटना के अनुसार, राजेश कुमार के छोटे भाई की पत्नी प्रियंका अपनी पुत्री नायरा को स्कूल वैन पर बैठाने जा रही थी। उसी समय पड़ोस की एक महिला भी अपनी बेटी को स्कूल वैन पर छोड़ने आई थी। बच्चों को वैन पर बैठाने को लेकर दोनों महिलाओं में झड़प शुरू हो गई।

विवाद बढ़ने पर पुरानी रंजिश के चलते विपक्षी महिला ने प्रियंका को गालियां देनी शुरू कर दीं। इसके बाद विपक्षी पक्ष के दो भाई और अन्य लोग एकजुट होकर आए और लोहे की रॉड से मारपीट करने लगे। खेत से लौट रहे राजेश पर पीछे से कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया।
बीच-बचाव करने आए राजेश के चाचा जगदीश प्रसाद और रामकली पर भी लोहे की रॉड से हमला किया गया। इस मारपीट में एक पक्ष से राजेश, रामकली और जगदीश घायल हुए। दूसरे पक्ष से दिनेश, उसकी पत्नी शोभा और गंगाराम घायल हुए हैं।
सभी घायलों को इलाज के लिए ऊंचाहार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। दोनों पक्षों ने थाने में तहरीर दी है।
कोतवाल संजय कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर मिली है और मामले की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।