महिला अपराधों के प्रति गंभीर दिखे एडीजी, दिए दिशा-निर्देश

महिला अपराधों के प्रति गंभीर दिखे एडीजी, दिए दिशा-निर्देश

-:विज्ञापन:-

एडीजी लखनऊ जोन पीयूष मोर्डिया शुक्रवार को खीरी पहुंचे और पुलिस लाइन में अधिकारियों के साथ बैठक की। जिसमें अपराध, कानून-व्यवस्था, आम जनमानस की समस्याओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के सम्बन्ध में दिशा-निर्देश दिए।

एडीजी पीयूष मोर्डिया ने एसपी गणेश प्रसाद साहा की उपस्थिति में पुलिस लाइन सभागार में सीओ के साथ कानून व्यवस्था व अपराध की समीक्षा के लिए गोष्ठी की। गोष्ठी में सभी क्षेत्राधिकारियों से उनके सर्किल के थाना क्षेत्रों की स्थिति, अपराध की प्रवृत्ति, क्षेत्र में आने वाली चुनौतियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। नेपाल सीमा पर उत्पन्न होने वाली समस्याओं जैसे अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी, मानव तस्करी की रोकथाम के लिए संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एडीजी ने अधिकारियों को क्षेत्र में कानून व्यवस्था को बनाए रखने और पुलिस का व्यवहार जिले के प्रति अच्छा रखने के निर्देश दिए। साथ ही शाम को पुलिस बल के साथ स्थान बदल-बदल कर फुट पेट्रोलिंग करने, वाहनों की जांच करने के निर्देश दिए। एडीजी ने आगामी त्योहारों को सकुशल व शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। महिला अपराध पर एडीजी गंभीर दिखे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि महिला अपराध से संबंधित जो भी सूचना आती है उसका मुकदमा दर्ज कर तुरंत प्रभावी कार्रवाई की जाए। अगर महिला अपराधों में कार्रवाई में थानेदार कोताही दिखाते हैं तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। एडीजी ने कहा कि महिला शक्ति मिशन को पुलिस और प्रभावी तरीके से चलाए। महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाए। इससे पहले पुलिस लाइन में पहुंचने पर एडीजी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।