रायबरेली की रहने वाली प्रतियोगी छात्रा प्रयागराज से गायब, मोबाइल भी बंद है, ममेरे भाई समेत दंपती पर केस दर्ज

रायबरेली की रहने वाली प्रतियोगी छात्रा प्रयागराज से गायब, मोबाइल भी बंद है, ममेरे भाई समेत दंपती पर केस दर्ज

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824

शहर के हाशिमपुर क्षेत्र में रहने वाली एक प्रतियोगी छात्रा संदिग्ध दशा में गायब हो गई। स्वजन ने हर संभावित जगह उसकी तलाश की। जब वह नहीं मिली तो जार्जटाउन थाने में तहरीर देते हुए छात्रा के ममेरे भाई समेत दंपती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।

संदेह जताया कि तीनों ने साजिश करके घटना को अंजाम दिया है।

रायबरेली जनपद के रहने वाले एक व्यक्ति की पुत्री प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रयागराज आई। सिविल लाइंस क्षेत्र में एक कोचिंग में प्रवेश लिया। छात्रा के मामा का लड़का काफी समय से यहां रहकर तैयारी कर रहा था। उसने छात्रा को ज्योति निवासी फतूहाबाद, हीरागंज जनपद प्रतापगढ़ से मिलवाया।

बताया कि ज्योति भी तैयारी करती है और हाशिमपुर क्षेत्र में किराये पर रहती है। ज्योति उसकी अच्छी दोस्त है। छात्रा को ज्योति के साथ ही उसके कमरे में रखवा दिया। कुछ दिन बाद छात्रा को पता चला कि ज्योति शादीशुदा है और कभी-कभी उसका पति अंकित आता-जाता है।

11 मई को छात्रा मामा के घर जाने के लिए प्रतापगढ़ निकली। शाम तक वह नहीं पहुंची तो मामा के छोटे पुत्र ने छात्रा के घर फोन किया, जिस पर स्वजन ने बताया कि वह यहां भी नहीं पहुंची है। उसका फोन लगाया गया, लेकिन वह स्विच आफ मिला। स्वजन ने हर संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की और जब वह नहीं मिली तो 12 मई को जार्जटाउन थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया गया।

इधर दो दिन पहले छात्रा के पिता ने फिर एक तहरीर पुलिस को दी। आरोप लगाया कि अंकित पटेल आपराधिक प्रवृत्ति का है। उसे संदेह है कि उसके साले के बेटे, अंकित और ज्योति ने साजिश कर घटना को अंजाम दिया है।

थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर तीनों के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है। आरोपितों का पता लगाया जा रहा है। छात्रा के दोनों माेबाइल नंबरों को भी ले लिया गया है। जरूरत पड़ने पर सर्विलांस टीम की भी मदद ली जाएगी।