रायबरेली-सावन में बरस रही आग, झुलस रहे लोग,,,

रायबरेली-सावन में बरस रही आग, झुलस रहे लोग,,,

-:विज्ञापन:-



  रिपोर्ट-सागर तिवारी 

ऊंचाहार-रायबरेली - अब सावन पहले जैसा नहीं रहा। सावन के महीने में पानी की जगह आग बरस रही है। सूर्य की तपिश से शरीर झुलस जा रहा है। आलम यह है कि लोगों को तेज धूप के कारण न तो दिन में चैन मिल रहा है और न ही उमस के कारण रात में नींद आ रही है। सोमवार  को अधिकतम तापमान 38 डिग्री तो न्यूनतम 30 रिकार्ड किया गया।
सावन का महीना अच्छी बारिश के लिए जाना जाता है, लेकिन अब सावन के महीने में वो बात नहीं रही। बारिश न होने से खेत प्यासे हैं। धान की फसल सूखने लगी है। उमस से लोग बेहाल हैं। पूरा शरीर पसीना से तरबतर हो जा रहा है। ऊंचाहार के गांव पिपरहा निवासी रामधनी ने बताया कि पहले सावन का महीना मनभावन होता था। पूरे महीने सूर्य के दर्शन नहीं होते थे। रिमझिम फुहार के बीच लोग अपने काम में लगे रहे थे।
खेतों में हरियाली रहती थी। ऐसा कोई दिन नहीं होता था जब सावन में बारिश न हो। तीन-चार साल से सावन भी सूखा हो गया है।
 बीते शुक्रवार को दोपहर बाद से उमस बढ़ गई। लोगों को लगा की रात में बारिश होगी, लेकिन पूरी रात आसमान साफ रहा और उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल रहे। गर्मी के चलते लोगों की नींद पूरी नहीं हुई। सुबह पांच बजे ही तेज धूप ने लोगों को और बेचैन कर दिया। पंखा-कूलर हवा बेमानी लगने लगी। सोमवार को जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया धूप तेज होती गई।