तापमान पांच डिग्री लुढ़का, गलन से बढ़ी ठिठुरन

सर्दी थमने का नाम नहीं ले रही है। सितम ऐसा है कि न दिन में चैन और न रात में राहत है। न्यूनतम तापमान पांच डिग्री गिरने से रात में कड़ाके की सर्दी रही। पाला गिरने से आलू और सब्जी की फसल को नुकसान हो रहा है।
किसान फसल बचाने के लिए खेतों में पसीना बहा रहे हैं।
बृहस्पतिवार को सुबह हल्का कोहरा पड़ा और सुबह छह से सात बजे तक अधिक गलन रही। दोपहर में धूप निकलने से लोगों को सर्दी से राहत मिली। हवा की रफ्तार कम होने से दिन में सर्दी कम रही। रात में सर्द हवा से गलन बढ़ने लगी। इधर पांच दिन से न्यूनतम तापमान बराबर बढ़ रहा था और अधिकतम तापमान कम हो रहा था तो बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहे।
अधिकतम तापमान 19.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री रहा। बुधवार को न्यूनतम तापमान 10.5 था। इंदिरा गांधी उड़ान अकादमी फुरसतगंज के मौसम विशेषज्ञ दीतेंद्र सिंह ने बताया कि हवा बदलने से न्यूनतम तापमान में कमी आई है। गलन भी बढ़ी है। रात में हल्का पाला गिर रहा है।



