रायबरेली-पुरानी रंजिश को लेकर हुए खूनी संघर्ष आठ लोग घायल, पुलिस नें दर्ज किया मुकदमा

रायबरेली-पुरानी रंजिश को लेकर हुए खूनी संघर्ष आठ लोग घायल, पुलिस नें दर्ज किया मुकदमा

-:विज्ञापन:-

 रिपोर्ट-सागर तिवारी

 ऊंचाहार-रायबरेली-पुरानी रंजिश को लेकर हुए खूनी संघर्ष में आठ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद एक बुजुर्ग को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।  यह घटना पूरे पासिन मजरे मतरौली गांव में हुई, जहां राजाराम और भागीरथ के परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। बताया गया है कि राजाराम के भाई रामदेव ने कुछ दिन पहले मारपीट का एक मामला दर्ज कराया था। इसी रंजिश के चलते गुरुवार देर शाम भागीरथ के परिवार के सदस्यों ने राजाराम के परिवार से गाली-गलौज की। जब राजाराम ने इसका विरोध किया, तो आरोप है कि एक दर्जन से अधिक लोगों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर घर में मौजूद लोगों को बुरी तरह घायल कर दिया।  संघर्ष में राजाराम (65), उनकी पत्नी सुमेरा (60), भाई रामदेव (55), बेटा इंद्रपाल (26), पोते अभिषेक (17) और शिवम (15), तथा पोती सोनाली (12) घायल हुए। दूसरे पक्ष से भागीरथ का बेटा श्याम मोहन (28) भी चोटिल हुआ है। सूचना मिलने पर पहुंची एम्बुलेंस ने सभी घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जहां से राजाराम को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।  शुक्रवार को कोतवाल संजय कुमार ने बताया कि इंद्रपाल की तहरीर पर काशी पुत्र राहुल, भागीरथी पुत्र मातादीन, शिव भावन पुत्र भागीरथी, नीरज पुत्र भागीरथी, भोले पुत्र भागीरथी, रोहित पुत्र चंद्र कुमार, आशा देवी पत्नी भागीरथी, गुलाब कली पत्नी काशी और 5-6 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।