रायबरेली-सुनसान घर का ताला तोड़कर चोरों ने की बड़ी वारदात,उठा ले गए पच्चीस लाख के आभूषण और रिवॉल्वर

रायबरेली-सुनसान घर का ताला तोड़कर चोरों ने की बड़ी वारदात,उठा ले गए पच्चीस लाख के आभूषण और रिवॉल्वर

-:विज्ञापन:-



 रिपोर्ट-सागर तिवारी

ऊंचाहार-रायबरेली - नगर के अलीगंज मुहल्ले में चोरी की बड़ी सनसनीखेज वारदात हुई है । जिसमें चोरों ने बंद पड़े घर का ताला तोड़ डाला और घर से पच्चीस लाख रूपये कीमत के आभूषण और लाइसेंसी रिवॉल्वर उठा ले गए । घटना के समय परिवार लखनऊ गया हुआ था । गुरुवार दोपहर जब वह लोग वापस लौटे तो मामले की जानकारी हुई ।
         दुस्साहसिक चोरों द्वारा की गई इस बड़ी वारदात से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है । लाइसेंसी रिवॉल्वर की चोरी से पुलिस अधिकारी सकते में है । एनटीपीसी में ठेकेदारी करने वाले सहदेव ठाकुर के घर में यह वारदात हुई है । वह करीब 25 साल से नगर के अलीगंज मुहल्ले में मकान बनाकर रह रहे हैं । यहां पर वह अपनी पत्नी के साथ रहते है , जबकि उनके बच्चे लखनऊ में रहते हैं।  उनका कहना है कि वह बीती 22 जुलाई को अपनी पत्नी के साथ लखनऊ अपने बेटे के पास गए थे । जहां से वह गुरुवार की दोपहर वापस लौटे हैं । जब वह यहां पहुंचे तो देखा कि घर की बाउंड्री के गेट का ताला यथावत बंद था , जबकि घर के मुख्य दरवाजे की कुंडी और दरवाजे के लॉक को तोड़ डाला गया है । घर के अन्य कमरों के दरवाजे और अलमारी को भी तोड़ डाला गया । जिसमें रखे सोने चांदी के आभूषण और अलमारी में रखी लाइसेंसी रिवॉल्वर चोर उठा ले गए है ।पीड़ित ने बताया कि रिवाल्वर का लाइसेंस चोरों ने घर में ही छोड़ दिया । अलमारी में कैश नहीं था । उन्होंने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी । सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की छानबीन की है । फॉरेंसिक टीम ने भी घटना स्थल से नमूने एकत्र किए है ।  पीड़ित ने  बताया कि चोरी गए आभूषण कम से कम पच्चीस लाख रूपये कीमत के थे । अपराध निरिक्षक शियाराम राजपूत ने बताया कि घटना की छानबीन की जा रही है और चोरों का पता लगाया जा रहा है।