रायबरेली बदहाल सड़क के बीच कराई सत्यनारायण भगवान की कथा, अनोखे अंदाज में जताया विरोध
रिपोर्ट - केशवानंद शुक्ला
मो - 7309336397
रायबरेली: नगर पालिका क्षेत्र में सड़क की बदहाली से नाराज स्थानीय लोगों ने शुक्रवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। आईटीआई से बालापुर होते हुए अभयदाता मंदिर जाने वाले मार्ग पर लोगों ने बीच सड़क सत्यनारायण भगवान की कथा का आयोजन कर जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान समस्या की ओर आकर्षित किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्ग लंबे समय से जर्जर है और जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि सड़क की समस्या को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ।
सड़क की बदहाली से नाराज लोगों ने मार्ग को गड्ढामुक्त कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। बीच सड़क कथा होने से मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया और जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और यातायात व्यवस्था को संभालने में जुट गया।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि संबंधित विभाग जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराकर उसे गड्ढामुक्त कराए, ताकि लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके।

rexpress 