रायबरेली में मनरेगा में घपला करने पर दो वीडीओ निलंबित

रायबरेली में मनरेगा में घपला करने पर दो वीडीओ निलंबित

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824

रायबरेली-ऊंचाहार ब्लॉक की ऊंचाहार देहात ग्राम पंचायत में मनरेगा से कराए गए विकास कार्यों में गड़बड़झाला पकड़ में आने के बाद दो ग्राम विकास अधिकारियों (वीडीओ) को निलंबित कर दिया गया है।

मामला उत्तर प्रदेश विधानसभा याचिका समिति में उठने के बाद यह कार्रवाई की गई है। एक वीडीओ को डलमऊ व दूसरे को राही ब्लॉक से संबद्ध किया गया है।

ऊंचाहार देहात ग्राम पंचायत में वर्ष 2021-22 में मनरेगा से कराए गए कार्यों में गड़बड़ी की गई थी। मामले की शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने पर मसला उत्तर प्रदेश विधानसभा याचिका समिति में पहुंच गया। जांच में 1,36,480 रुपये का गड़बड़झाला पकड़ में आने के बाद तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी वर्तमान में सरेनी में तैनात महेंद्र सिंह को निलंबित कर दिया गया। उन्हें डलमऊ ब्लॉक से संबद्ध किया गया है। अंतिम जांच बीडीओ बछरावां को सौंपी गई है।

इसी ग्राम पंचायत में वर्ष 2021-22 में ही मनरेगा से कराए गए अन्य कार्यों में भी 39,295 रुपये का गड़बड़झाला पकड़ा गया था। तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी रुद्र प्रताप सिंह को भी निलंबित किया गया है। वीडीओ को राही ब्लॉक से संबद्ध करके अंतिम जांच खंड विकास अधिकारी महराजगंज को सौंपी गई है।

जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार का कहना है कि जांच रिपोर्ट के बाद दो ग्राम विकास अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। अंतिम जांच रिपोर्ट आने के बाद अन्य कार्रवाई की जाएगी। महराजगंज और बछरावां के खंड विकास अधिकारियों को अंतिम जांच सौपी गई है।