कई सीटों पर सपा बनी कांग्रेस की हार का सबब, पिछले विधानसभा चुनाव के मुकाबले वोट घटे
मध्य प्रदेश में ऐसी कई सीटें रहीं जहां सपा ने कांग्रेस को हराने का काम किया। मध्य प्रदेश में राजनगर में सपा प्रत्याशी को 6453 से ज्यादा वोट मिले जबकि कांग्रेस यहां भाजपा से 5867 वोट से हार गई।
सपा ने यहां कांग्रेस को हरवाने में अहम भूमिका निभा दी। गठबंधन हुआ तो निश्चित रूप से कांग्रेस फायदे में रहती। चांदला, गुनौर, निवारी समेत कई सीटों पर यही हाल रहा। गुनौर में सपा की महिला प्रत्याशी को 3892 वोट मिले जबकि कांग्रेस यह सीट भाजपा के मुकाबले केवल 1160 वोट से हार गई।
सपा का मध्य प्रदेश में बेहद खराब प्रदर्शन रहा। उसके अधिकांश प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई। पिछले विधानसभा चुनाव के मुकाबले उसकी ताकत घट गई। इस बार उसे नवीनतम आंकड़ों के मुताबिक 0.45 प्रतिशत वोट ही मिल सका जबकि पिछली बार से 1.3 प्रतिशत वोट मिला था। उसने एक सीट भी जीती थी। इस बार सपा वह सीट भी हार गई। सपा ने बड़े जोरशोर से मंडलेश्वर मिर्ची बाबा को बिधूनी में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ मैदान में उतारा था। उन्हें मात्र 136 वोट ही मिले।
राष्ट्रीय राजनीति में बसपा सपा से आगे
नतीजों ने यह भी साफ कर दिया कि राष्ट्रीय राजनीति में बसपा, समाजवादी पार्टी के मुकाबले अब भी ठीकठाक जनाधार रखती है। छत्तीसगढ़ में बसपा को 2.04 प्रतिशत वोट मिले तो सपा को 0.04 प्रतिशत, वहां सपा से अच्छा प्रदर्शन तो आप का रहा उसे वहां 0.93 प्रतिशत मत मिले। मध्य प्रदेश में बसपा को 3.29 प्रतिशत मत मिले तो सपा को महज 0.46 प्रतिशत। राजस्थान में बसपा को दो सीटें भी मिलें और उसका वोट प्रतिशत रहा 1.82 प्रतिशत, सपा को यहां महज 0.01 वोट मिले।

rexpress 