रायबरेली में संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता की मौत, ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप; तीन पर FIR
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली-संदिग्ध स्थिति में शुक्रवार की रात नव विवाहिता की हालत बिगड़ गई। परिवारजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां से उसे एम्स रेफर कर दिया गया।
एम्स से रेफर किए जाने के बाद परिवारजन उसे दोबारा जिला अस्पताल ले आए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
शंकरगढ़ डिंडोली निवासी नवविवाहिता मन्नी सिंह की शुक्रवार की देर रात उपचार के दौरान संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मृतका के चाचा कुटी पहाड़पुर निवासी मनमोहन सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी भतीजी मन्नी सिंह का विवाह 3 माह पूर्व शंकर गढ़ निवासी विष्णु प्रताप सिंह के साथ हुआ था।
आरोप है कि शादी के बाद से ही पति समेत ससुरलीजन मन्नी को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। जिसके बारे में मन्नी ने घर में बताया था। शुक्रवार की देर रात उनके पास फोन आया कि मन्नी की तबीयत खराब है, उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस पर वह और अन्य परिवारजन जिला अस्पताल पहुंचे, जहां हालत नाजुक होने के चलते मन्नी को एम्स रेफर कर दिया गया। एम्स में स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे लखनऊ रेफर किया गया तो परिवार के लोग महिला को लेकर वापस जिला अस्पताल आ गए, जहां उसकी मौत हो गई।
मनमोहन का आरोप है कि ससुरालीजन में जहर देकर उनकी भतीजी की हत्या कर दी है। हरचंदपुर थानाध्यक्ष आदर्श सिंह का कहना है कि मृतका के परिवारजन की तहरीर पर उसके पति विष्णु प्रताप सिंह, ससुर त्रिमूर्ति सिंह व सास मुन्नी सिंह के विरुद्ध दहेज हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

rexpress 