रायबरेली-एक माह से सिमरन का कोई सुराग नहीं , तलाशने में पुलिस नहीं ले रही रुचि

रायबरेली-एक माह से सिमरन का कोई सुराग नहीं , तलाशने में पुलिस नहीं ले रही रुचि

-:विज्ञापन:-




 रिपोर्ट-सागर तिवारी 


ऊंचाहार-रायबरेली -मध्य प्रदेश के कटनी की अर्चना तिवारी 15 दिन बाद भले मिल गई हो किंतु ऊंचाहार की सिमरन का एक माह बाद भी कोई सुराग नहीं लग पाया है । अचानक लापता हुई सिमरन के गायब होने का न तो कोई कारण सामने आया है और न ही उसका कोई पता चल पाया है।
      ऊंचाहार नगर के तकिया अमीर शाह मुहल्ले की रहने वाली 24 साल की सिमरन काफी समय से अपने घर से थोड़ी दूर पर स्थित एक ब्यूटी पार्लर में सीखने जाती थी । रोज की भांति वह बीते 15 जुलाई को घर से पैदल ब्यूटी पार्लर के लिए निकली , फिर वापस नहीं आई । वह ब्यूटी पार्लर भी नहीं पहुंची थी । बाद में जब परिजनों ने उसके रास्ते के सीसीटीवी फुटेज में उसे खंगाला तो वह मुख्य चौराहा से बस स्टेशन की ओर जाने वाली सड़क पर दिखाई दी , किंतु आगे के सीसीटीवी में वह नजर नहीं आई। परिजनों ने इसकी सूचना तत्काल कोतवाली पुलिस को दी किंतु पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की । पुलिस का जवाब वही रटा रटाया परिजनों के सामने आया कि युवा है , किसी आशिक के साथ कही चली गई होगी । किंतु आज तक सिमरन की न कोई आशिकी सामने आई है और न ही उसका मोबाइल फोन खुला है। परिजन उसकी तलाश में परेशान है । उसके पिता बब्बन शाह बेटी के गम में बीमार होकर अस्पताल में भर्ती है , पुलिस हैं कि उनकी बेटी को तलाशने में रुचि नहीं ले रही है । आजतक पुलिस ने उसकी सामान्य गुमशुदगी तक नहीं दर्ज की । पूरा परिवार बेटी की तलाश में भटक रहा है । परिजनों को शंका है कि उनकी बेटी के साथ कोई अनहोनी न हो गई हो । उधर कोतवाल संजय कुमार का कहना है कि मामले की जानकारी मिली है , इसमें आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।