रायबरेली - खूबसूरत इमारत के अंदर बदसूरत व्यवस्थाएं, जिम्मेदार जानकर भी बन रहे अनजान

रायबरेली - खूबसूरत इमारत के अंदर बदसूरत व्यवस्थाएं, जिम्मेदार जानकर भी बन रहे अनजान

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट: ऋषि मिश्रा
मो०न०:9935593647

करोड़ों रुपए की लागत से बना बस स्टॉप बन चुका है गंदगी का हाकिम

बछरावां रायबरेली- लखनऊ प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित एक हाईटेक कस्बा अर्थात अपनी राजनीति, शिक्षा, साहित्य एवं अन्य प्रकार की गतिविधियों में परिपूर्ण बछरावां कस्बा, जहां लगभग दो वर्ष पूर्व उक्त राष्ट्रीय राजमार्ग पर कस्बे के अंदर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन विभाग के द्वारा करोड़ों रुपए खर्च कर बस स्टॉप परिसर का सौंदर्यीकरण कराया गया था और एक खूबसूरत इमारत बनकर तैयार हुई। जिसमें शौचालय, पानी की सुविधा, बैठने की सुविधा, विद्युत व्यवस्था, कैंटीन की सुविधा आदि मौजूद थी। परंतु एक सुंदर इमारत तो बन गई लेकिन बस स्टॉप की गंदगी जैसे पूर्व के वर्षों में रहती थी, उसी प्रकार मौजूद है। बात की जाए तो बस स्टॉप पर पुरुषों के लिए पांच मूत्रालय बनाए गए हैं, जो की बिल्कुल खुले में मौजूद है, और उनमें पूर्ण रूप से गंदगी एवं बदबू का खुमार देखा जा सकता है। साथ ही बात की जाए बस स्टॉप परिसर की तो उक्त परिसर में इंटरलॉकिंग में लगी सीमेंटेड इंटर भी अपनी जगह छोड़ती हुई नजर आ रही है और पानी निकलने के लिए बनाई गई अंडर ग्राउंड नाली पर लगी जालियाँ भी गायब हो गई है। जिससे यात्रियों के चोटिल होने का खतरा उत्पन्न हो गया है। वही बस स्टॉप परिसर में दिव्यांग जनों के लिए बना रैंप भी कैंटीन संचालक के कब्जे में है। जबकि कैंटीन के लिए अलग से विभाग के द्वारा उक्त परिसर में व्यवस्था की गई है। बस स्टॉप की इन अव्यवस्थाओं के संबंध में क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता हरिओम चतुर्वेदी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल करते हुए बताया है कि करोड़ों रुपए की लागत से बना यह बस स्टॉप जिसका शुभारंभ स्वयं परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के द्वारा किया गया और आए दिन जब भी वह इस राष्ट्रीय राजमार्ग से कहीं जाते हैं, तो बस स्टॉप का निरीक्षण भी करते हैं। परंतु बस स्टॉप पर मौजूद शौचालय व मूत्रालय में जिस प्रकार की गंदगी एवं बदबू का अंबार लगा है, उससे बस स्टॉप परिसर में कोई भी यात्री एक या दो मिनट से अधिक नहीं बैठ सकता है। साथ ही साथ उन्होंने प्रदेश सरकार के मुखिया योगी आदित्यनाथ और परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से इस खूबसूरत इमारत की बदसूरत व्यवस्थाओं एवं मौजूद गंदगी व बदबू के खुमार को लेकर जिम्मेदारों पर कार्यवाही करने की बात कही है। अब यह देखने वाली बात होगी कि आखिरकार गंदगी एवं अवस्थाओं के हाकीम बने इस बस स्टॉप पर कब तक विभागीय अधिकारियों या जनप्रतिनिधियों की नजर पड़ती हुई नजर आती है और बस स्टॉप पर मौजूद अवस्थाएं सुंदर व्यवस्थाओं के रूप में जन्म लेती हुई नजर आएंगी।