यूपी के 19 जिलों में बच्चों के लिए बनेंगे 35 बाल आश्रय गृह, इतने करोड़ रुपय का है बजट

निराश्रित व अभावग्रस्त बच्चों के लिए प्रदेश सरकार 35 नए बाल आश्रय गृह बनवाने जा रही है। इनमें घर से भागे हुए, गुमशुदा, तस्करी कर लाए गए, कामकाजी, बाल भिखारी, मादक द्रव्यों का सेवन करने वाले बच्चे रखे जाएंगे।
इसके लिए 400 करोड़ रुपये की धनराशि प्रस्तावित है। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से संचालित बाल आश्रय भवन जो किराये के भवनों में चल रहे हैं उनमें से अधिकतर की स्थिति अच्छी नहीं है।
इसी को देखते हुए सरकार ने नए आश्रय स्थलों का निर्माण कराने का निर्णय लिया है। इन आश्रय गृहों में खुले हवादार कमरे, योग, व्यायाम, खेलकूद, बागवानी आदि के लिए मैदान होंगे। चाइल्ड केयर होम, आब्जर्वेशन होम, न्याय बोर्ड, अधीक्षक एवं वार्डन के आवास की भी सुविधा होगी।
बालिकाओं के लिए 12 बाल गृह, बालकों के लिए एक बाल गृह, शिशुओं और विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण इकाइयों के लिए छह बाल गृह, किशोरों के लिए 11 संप्रेक्षण गृह व पांच इंटीग्रेटेड होम का निर्माण प्रस्तावित है। सरकार ने प्रदेश के सभी मंडलों में कम से कम एक गृह संचालित करने का निर्णय लिया है।
पिछले दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने हुए प्रस्तुतीकरण में बताया गया कि प्रदेश में बालिका गृहों की क्षमता 300 की है, जबकि इसमें 485 बच्चियां रह रही हैं। इसके अलावा संप्रेक्षण गृहों की वर्तमान क्षमता 1250 बच्चों की है।
यहां भी क्षमता से अधिक बच्चे रह रहे हैं। इस कारण बच्चों की शिक्षा, चिकित्सा, कौशल विकास, जीवन कौशल तथा मानसिक, शारीरिक व भावनात्मक विकास में प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसलिए नए गृह बनाने का निर्णय लिया गया है।
यहां बनेंगे बाल आश्रय गृह आगरा-बालिका गृह अलीगढ़-बाल गृह और किशोर संप्रेक्षण गृह आजमगढ़ शिशु गृह एवं बालिका गृह प्रयागराज बाल गृह और किशोर संप्रेक्षण गृह लखनऊ-एकीकृत आश्रय सदन बरेली-बालिका गृह और किशोर संप्रेक्षण गृह एवं शिशु गृह मेरठ-बालिका गृह और किशोर संप्रेक्षण गृह एवं शिशु गृह सहारनपुर- बालिका गृह और किशोर संप्रेक्षण गृह मुरादाबाद-बालिका गृह और किशोर संप्रेक्षण गृह वाराणसी-एकीकृत आश्रय सदन मीरजापुर-बालिका गृह।
किशोर संप्रेक्षण गृह गोरखपुर-एकीकृत आश्रय सदन बस्ती-बालिका गृह और किशोर संप्रेक्षण गृह झांसी-बालिका गृह और किशोर संप्रेक्षण गृह एवं शिशु गृह कानपुर-शिशु गृह/विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण अभिकरण अयोध्या-एकीकृत आश्रय सदन देवीपाटन-बालिका गृह और किशोर संप्रेक्षण गृह चित्रकूट-बालिका गृह, किशोर संप्रेक्षण गृह एवं शिशु गृह अमेठी-एकीकृत आश्रय सदन

