भगवा पगड़ी पहन राजघाट पहुंचे पीएम मोदी, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को किया नमन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजघाट पहुंच गए हैं। वे भगवा पगड़ी में नजर आए। उन्होंने यहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को नमन किया।
जेपी नड्डा ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं
स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने देशवासियों को 79वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस खास दिन पर मां भारती की आज़ादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले सभी क्रांतिकारियों और अमर शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत नई ऊर्जा और विश्वास के साथ तेजी से प्रगति कर रहा है। इसके साथ ही नड्डा ने सभी से मिलकर आत्मनिर्भर और विकसित भारत बनाने का संकल्प लेने की अपील की।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने दिल्ली स्थित आवास पर किया ध्वजारोहण।
शिवराज सिंह चौहान ने देशवासियों को दी बधाई
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि जिनके त्याग, तपस्या और बलिदान से आजादी हासिल हुई उन्हें प्रणाम। केंद्रीय मंंत्री ने आगे देश के वीर सेनाओं को भी नमन किया। उन्होंने कहा कि आज हम संकल्प करें कि अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए दैनिक जीवन में उपयोग आने वाली हर चीज स्वदेशी खरीदें।
पीएम मोदी ने देशवासियों को दी बधाई
जश्न-ए-आजादी के 79वें उत्सव के अवसर पर पीएम नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को बधाई दी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी ने लिखा कि आप सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। पीएम मोदी ने आगे लिखा कि मेरी कामना है कि यह सुअवसर सभी देशवासियों के जीवन में नया जोश और नई स्फूर्ति लेकर आए, जिससे विकसित भारत के निर्माण को नई गति मिले। जय हिंद!
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिल्ली स्थित अपने आवास पर किया ध्वजरोहण।
आंध्र-निकोबार के 30 आदिवासी छात्र लाल किले पर 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में होंगे शामिल
आंध्र प्रदेश और निकोबार द्वीपसमूह के 30 मेधावी आदिवासी छात्र स्वतंत्रता दिवस समारोह देखने दिल्ली आए हैं। ये छात्र शुक्रवार को दिल्ली के लाल किले पर 79वें स्वतंत्रता दिवस का जश्न देखेंगे। इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को दक्षिण ब्लॉक में इन छात्रों से मुलाकात की और उन्हें देश को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
यह मुलाकात 'आरोहण: द्वीप से दिल्ली' नामक सात दिन की राष्ट्रीय एकता यात्रा का हिस्सा है, जिसका आयोजन आंध्र और निकोबार कमांड ने किया है। इस कार्यक्रम के तहत छात्र भारत की सांस्कृतिक धरोहर, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और शिक्षा के अवसरों को देखेंगे। रक्षा मंत्री ने छात्रों को मानव मूल्यों को अपनाने और अपने चरित्र को मजबूत बनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हर चुनौती का सामना आत्मविश्वास से करना चाहिए। उन्होंने छात्रों को भारत को एक शक्तिशाली राष्ट्र बनाने में योगदान देने की प्रेरणा दी और उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिल्ली में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने किया ध्वजारोहण
भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर में पाक ड्रोन गिराने वाला एयर डिफेंस सिस्टम दिखाया
जम्मू-कश्मीर में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तानी ड्रोन मार गिराने वाले एयर डिफेंस सिस्टम को भारतीय सेना ने किया प्रदर्शित। यह सिस्टम सीमा पर घुसपैठ की कोशिशों को नाकाम करने में बेहद कारगर साबित हुआ है। सेना ने बताया कि यह तकनीक दुश्मन के हर मंसूबे को जवाब देने में सक्षम है।
लाल किला पूरी तरह से सजकर तैयार
लाल किला आज 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए पूरी तरह सजकर तैयार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह यहां से देश को संबोधित करेंगे। इस बार सजावट में ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी पोस्टर और बैनर भी लगाए गए हैं, जो देश की सैन्य ताकत और आतंकवाद के खिलाफ कड़ा संदेश दर्शाते हैं।
लाल किले पर चमकेगी बिहार के गांवों की सुंदर छवि
इस बार दिल्ली के लाल किले पर बिहार के गांव अपनी पहचान दर्ज कराएंगे। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनहित कार्यों में मिसाल कायम करने वाली राज्य की 10 पंचायतों के मुखिया 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
केंद्र सरकार ने इन पंचायतों को विभिन्न मानकों पर बेहतर प्रदर्शन के आधार पर चुना है। चयनित प्रतिनिधियों में मुजफ्फरपुर की जजुआर मध्य पंचायत के सुमननाथ ठाकुर, नालंदा पारथु पंचायत की कुमारी तृप्ति, जहानाबाद पनहाड़ा पंचायत की निभा कुमारी, समस्तीपुर मोतीपुर पंचायत की प्रेमा देवी, पटना कुरकुरी पंचायत के रवि कुमार, रोहतास टुंबा पंचायत के वीरेंद्र कुमार सिंह, मधेपुरा खुरहान पंचायत की मंजु देवी, बक्सर कोरन सराय पंचायत की कांति देवी, गया संडा पंचायत के रामजी शर्मा और गया गरारी पंचायत की पूजा कुमारी शामिल हैं।
पिछले साल 98 मिनट भाषण दिया था
पीएम मोदी ने पिछले साल 15 अगस्त को 98 मिनट का भाषण दिया था। इसमें उन्होंने सांप्रदायिक और भेदभाव को बढ़ावा देने वाली संहिता के बजाय एक धर्मनिरपेक्ष नागरिक संहिता और एक साथ चुनाव कराने की स्पष्ट वकालत की थी। उन्होंने घोषणा की थी कि अगले पांच वर्षों में देश में 75,000 और मेडिकल सीटें सृजित की जाएंगी। महिलाओं के विरुद्ध अपराध जैसी सामाजिक बुराइयों को भी उनके कुछ भाषणों में प्रमुखता से उठाया गया है और स्वच्छता तथा महिलाओं व पारंपरिक रूप से वंचित समुदायों के सशक्तीकरण के लिए उनके प्रयासों का भी प्रमुखता से उल्लेख किया गया है।
लगातार सबसे अधिक बार लाल किले से बोलने वाले नेहरू के बाद दूसरे पीएम होंगे मोदी
लगातार दो बार प्रधानमंत्री बनने के इंदिरा गांधी के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने के बाद, पीएम मोदी अपने लगातार 12वें स्वतंत्रता दिवस संबोधन के साथ प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू (17 बार) के बाद दूसरे स्थान पर होंगे। इंदिरा गांधी ने लाल किले से लगातार 11 बार देश को संबोधित किया था। इंदिरा गांधी जनवरी 1966 से मार्च 1977 तक और फिर जनवरी 1980 से अक्तूबर 1984 में अपनी हत्या तक, प्रधानमंत्री पद पर रहीं। उन्होंने कुल मिलाकर 15 अगस्त को प्रधानमंत्री के रूप में 16 भाषण दिए हैं।
प्रधानमंत्री पिछले काफी समय से 2047 तक विकसित भारत बनाने में मदद के लिए स्वदेशी तकनीक और स्थानीय विनिर्माण को बढ़ावा देकर देश को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर देते रहे हैं। देश के 79वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से उनके भाषण में इसी बात को दोहराया जा सकता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 79वें स्वतंत्रता दिवस पर लगातार 12वीं बार लाल किले के प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करेंगे। इस बार पीएम मोदी के भाषण में ऑपरेशन सिंदूर, राष्ट्रीय सुरक्षा, आर्थिक विकास और अपने कार्यकाल में कल्याणकारी मॉडल के विस्तार पर भारत के अडिग रुख को रेखांकित कर सकते हैं। साथ ही वह व्यापार पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत के प्रति प्रतिकूल रुख से उत्पन्न आर्थिक और विदेशी संबंधों की अनिश्चितता के माहौल पर भी बोल सकते हैं।

rexpress 