सिर्फ कुत्ता मौत की वजह नहीं, गाजियाबाद में दरोगा संग हुए हादसे में नया खुलासा

सिर्फ कुत्ता मौत की वजह नहीं, गाजियाबाद में दरोगा संग हुए हादसे में नया खुलासा

-:विज्ञापन:-

गाजियाबाद में ड्यूटी से घर जाते समय हादसे का शिकार हो गईं सब इंस्पेक्टर रिचा सचान (25) की मौत को लेकर नया खुलासा हुआ है। अब पता चला है कि रिचा की मौत कुत्ते के टकराने के बाद सिर्फ गिरने की वजह से नहीं हुई, बल्कि पीछे से आ रही एक कार ने भी उन्हें कुचल डाला।

अडिशनल पुलिस कमिश्नर भास्कर वर्मा ने पीटीआई को यह जानकारी दी है।

घटना रविवार रात करीब 2 बजे की है जब रिचा सचान कवि नगर पुलिस थाने में अपना काम समाप्त करके घर लौट रही थीं। एसीपी भास्कर वर्मा ने कहा, 'एक लावारिस कुत्ते उनके दोपहिया वाहन से टकरा गया। इससे उनका बैलेंस बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ी। पीछे से आ रही एक कार उनके ऊपर से गुजर गई। इस वजह से हेलमेट पहने होने के बाद भी वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।'

पुलिस अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद एक पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उन्हें सर्वोदय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कानपुर की रहने वाली रिचा 2023 में यूपी पुलिस में सब इंस्पेक्टर के पद पर भर्ती हुईं। वह शास्त्री नगर आउट पोस्ट की जिम्मेदारी संभाल रही थीं और साथ में यूपीएससी एग्जाम की तैयारी भी कर रही थीं।

घटना के बाद से रो-रोकर बेहाल रिचा के परिवार के लोगों ने बताया कि वे अगले साल शादी की योजना बना रहे थे। सब इंस्पेक्टर रिचा को पुलिस लाइंस गाजियाबाद में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। शव का पोस्टमॉर्टम भी किया गया है। अधिकारी ने बताया कि परिवार के लोग अंतिम संस्कार के लिए शव को पैतृक स्थान पर ले गए हैं।