रायबरेली में बेसिक में तबादले के लिए 913 शिक्षकों के आवेदन
सोमवार तक पत्रावलियां जमा होंगी, फिर सत्यापन के बाद ऑनलाइन आख्या अपलोड होगी।
ग्रीष्मावकाश के दौरान परस्पर स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी करनी है। इसके अंतर्गत दोनों प्रकार के परस्पर तबादले होंगे। इनमें एक तरफ जिले के भीतर शिक्षक विद्यालयों की अदला-बदली कर सकेंगे, वहीं दूसरी तरफ गैर जिलों में भी परस्पर तबादले ले सकेंगे। दोनों प्रकार के तबादले के लिए आवेदन की संख्या 913 पहुंच गई है। जिला समन्वयक (एमआईएस) अविलय सिंह ने बताया कि जिले के भीतर परस्पर तबादले के लिए 608 शिक्षकों ने आवेदन किया है, वहीं 305 शिक्षक दूसरे जिले जाना चाहते हैं।
जिला समन्वयक के मुताबिक पंजीयन का सिलसिला शुरू हुआ था तो 11 अप्रैल अंतिम तिथि तय थी, लेकिन पंजीयन में त्रुटियां होने के कारण सुधार का अवसर देते हुए समय सीमा बढ़ाई जाती रही। कई बार पंजीयन तिथि बढ़ाने के बाद समय सीमा अब समाप्त हो गई है।
जितने भी आवेदन आए हैं, उनके प्रिंट आउट ब्लाक संसाधन केंद्र में जमा कराए गए हैं। बीईओ सोमवार तक बीएसए दफ्तर में पत्रावलियां जमा करेंगे। बीएसए शिवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सत्यापन के बाद ऑनलाइन आख्या अपलोड करेंगे।

rexpress 