आज पहुंचेगा पश्चिमी विक्षोभ, तापमान गिरेगा.और ठंड बढ़ेगी, आने वाले दिन कोल्ड डे होंगे

आज पहुंचेगा पश्चिमी विक्षोभ, तापमान गिरेगा.और ठंड बढ़ेगी, आने वाले दिन कोल्ड डे होंगे

-:विज्ञापन:-

अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गए। इसके साथ ही कोल्ड डे की शुरुआत हो गई। 24 घंटे के अंदर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से पांच डिग्री पर आ गिरा। प्रदेश में रायबरेली का फुरसतगंज का तापमान 4.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है।

इस तरह कानपुर प्रदेश में दूसरा सबसे ठंडा शहर रहा।
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि जब अधिकतम तापमान सामान्य औसत से 4.4 डिग्री कम हो और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम हो जाए, तो इसे कोल्ड डे माना जाता है। गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य औसत से 4.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री नीचे चला गया। इसके साथ ही सन शाइन आवर लगातार 10वें दिन शून्य रिकॉर्ड किया गया।

आने वाले पांच दिन कड़ाके की ठंड पड़ेगी
धूप खिली जरूर लेकिन इतनी नाजुक रही कि सन शाइन रिकॉर्डर का कॉर्ड नहीं जल पाया। इसके साथ ही जेट स्ट्रीम के साथ आ रही समुद्री नमी ने ठिठुरन बढ़ा दी। इससे लोगों की कंपकंपी छूटी। सीएसए के मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले पांच दिन कड़ाके की ठंड पड़ेगी। तापमान की स्थिति यही रही, तो आने वाले दिन भी कोल्ड डे होंगे।

नमी बढ़ेगी और बादलों की आवाजाही तेज होगी
पश्चिमी विक्षोभ के शुक्रवार को पहुंचने का अनुमान है। इसके बाद एक और पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है। पश्चिमी विक्षोभ से नमी बढ़ेगी और बादलों की आवाजाही तेज होगी। इससे तापमान में उतार-चढ़ाव आएगा। उन्होंने बताया कि भूमध्य रेखीय हिंद महासागर और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती घेरा बना हुआ है।

मैदानी इलाकों में शीत लहर तेज होगी
इसके साथ ही जेट स्ट्रीम हवाएं नीचे की ओर चल रही हैं। चक्रवाती घेरा और जेट स्ट्रीम से माहौल में लगातार नमी आ रही 

। इस वजह से बादल बने हुए हैं। इससे गलन वाली ठंड पड़ रही है। उत्तर पश्चिमी हवाएं हिमालयी ठंडक को मैदानी इलाकों में ला रहीं हैं। इनकी निरंतरता बनी रही और गति तेज हुई तो मैदानी इलाकों में शीत लहर तेज हो जाएगी।

तापमान में उतार-चढ़ाव होता रहेगा
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ चक्रवाती घेरे के रूप में ईरान और आसपास के क्षेत्रों में 3.1 से 5.8 किमी की ऊंचाई पर स्थित है। दो-तीन दिन में इसके हिमालयी क्षेत्र पहुंचने की उम्मीद है। पश्चिमी विक्षोभ के आने से तापमान में उतार-चढ़ाव होता रहेगा, लेकिन ठंड बनी रहेगी। पश्चिमी विक्षोभों के निकल जाने के बाद हिमालयी ठंड उत्तर पश्चिमी हवाओं के साथ तेजी से आएगी। इस दौरान कोहरा बना रहेगा। गुरुवार को सुबह सात बजे दृश्यता सामान्य दो किमी के स्थान पर 220 मीटर रही।

यह रखें ध्यान

  • मॉर्निंग वॉक के लिए न जाएं।
  • घर में व्यायाम और प्राणायाम करें।
  • पुराने रोगी घर में रहें, धूप निकलने पर बाहर जाएं।
  • कोहरे में बाहर निकलें तो मास्क लगाए रहें।
  • देर रात की पार्टियों में जाने से परहेज करें।
  • रात में छोटे बच्चों को लेकर बाहर न निकलें।
  • अगर जरूरी नहीं तो यात्रा पर बच्चों को लेकर न जाएं।
  • कमरा गर्म रखें, आयल वाले ब्लोअर का इस्तेमाल करें।
  • सोने के एक-डेढ़ घंटे पहले डिनर ले लें, हल्का भोजन करें।