भाजपा प्रत्याशियों की पहली सूची आज या कल संभव, सीएम योगी आज पहुंचेंगे दिल्ली
उत्तर प्रदेश की हारी हुई लोकसभा सीटों पर भाजपा अपने उम्मीदवारों का ऐलान गुरुवार को देर रात या शुक्रवार को कर सकती है। गुरुवार को दिल्ली में होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लगेगी।
भाजपा ने 2019 के लोकसभा चुनाव में 78 सीटों पर चुनाव लड़ा था। उसे 62 सीटों पर जीत मिली थी और 16 पर हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि उपचुनाव में रामपुर और आजमगढ़ सीटें पार्टी ने जीत ली थीं। इस बार पार्टी ने यूपी की सभी 80 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। इसी क्रम में हारी सीटों को लेकर पार्टी ने काफी पहले ही तैयारी शुरू कर दी थी। जहां तक हारी सीटों का सवाल है पार्टी इनमें से दो-तीन सीटें सहयोगी दलों को भी दे सकती है।
सामाजिक समीकरण साधने पर जोर
कई सीटों पर दूसरे दलों से आए चेहरों को भी समायोजित किया जाएगा। इनमें हारी सीटें भी शामिल हैं। प्रत्याशी चयन में भाजपा का सबसे ज्यादा जोर सामाजिक समीकरण साधने पर है। इसी को देखते हुए चेहरों का चयन किया जाना है। पश्चिमी यूपी में भाजपा की नजर जाटव वोट बैंक पर है। बैठक में शामिल होने के लिए प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह गुरुवार की सुबह दिल्ली रवाना होंगे। जबकि उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक पुणे से सीधे दिल्ली पहुंचेंगे। हारी सीटों के अलावा प्रदेश की कुछ अन्य प्रमुख सीटों पर भी उम्मीदवारों का ऐलान पार्टी की पहली सूची में हो सकता है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र वाराणसी भी शामिल है। यह पहला मौका है जब भाजपा चुनाव की घोषणा से पहले लोकसभा प्रत्याशियों का ऐलान करने जा रही है।

rexpress 