सीहोर वाले पंडित प्रदीप मिश्रा के श्रीमुख से बहेगी शिवगंगा, शिवमय होगा रायबरेली,लाखों भक्तो के बीच गूंजेगी महाशिवपुराण की कथा
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली में भव्य महाशिवपुराण कथा की तैयारियां तेज
रायबरेली- ऊंचाहार विधायक एवं प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय ने आगामी महाशिवपुराण कथा को लेकर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 11 से 17 सितंबर तक होने वाले इस धार्मिक आयोजन से रायबरेली समेत पूरे प्रदेश का माहौल शिवमय होगा। कथा का वाचन पंडित प्रदीप मिश्रा, सीहोर वाले के श्रीमुख से किया जाएगा।
मंत्री डॉ. मनोज पाण्डेय ने बताया कि कथा में करीब 5 लाख श्रद्धालुओं के बैठने के लिए वाटरप्रूफ भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा है। पंडाल का निर्माण लगभग पूरा होने की ओर है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल पर पार्किंग, चिकित्सा व्यवस्था, पेयजल, सफाई, बड़ी संख्या में शौचालय और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।
10 सितंबर को निकलेगी भव्य कलश यात्रा
महाशिवपुराण कथा से एक दिन पहले 10 सितंबर को भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। गोकना स्थित गोकल ऋषि स्थल से जल लेने के बाद लखपेड़ा मैदान, रेलवे क्रॉसिंग रामचंद्रपुर से कार्यक्रम स्थल तक कलश यात्रा पहुंचेगी। इसमें 10 हजार से अधिक महिलाओं के शामिल होने की बात कही गई है।
कलश यात्रा में हाथी, घोड़े और ऊंट आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेंगे। वहीं शिव भक्तों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा कराने की भी योजना बनाई जा रही है।
सात दिनों में शिव महापुराण के अलग-अलग प्रसंग
11 सितंबर से शुरू होने वाली कथा में प्रत्येक दिन भगवान शिव और उनसे जुड़े विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा।
पहला दिन: ईशा-गौरा जी का पावन प्रसंग
दूसरा दिन: शिव प्राकट्य, शिवलिंग प्राकट्य एवं अर्धनारीश्वर स्वरूप की महिमा
तीसरा दिन: भगवान शिव और माता पार्वती का मंगलमय विवाह
चौथा दिन: श्री गणेश जी का जन्म एवं उनकी दिव्य महिमा
पांचवां दिन: महादेव की महिमा और कुन्दकेश्वर महादेव का पावन प्रसंग
छठा दिन: श्री गणेश जी के विवाह सहित मंगलमय प्रसंग
सातवां दिन: शिव महापुराण कथा का भावपूर्ण समापन
कई बड़े नामों के शामिल होने की उम्मीद
डॉ. मनोज पाण्डेय के मुताबिक इस आयोजन में कई मुख्यमंत्री, महामहिम राज्यपाल, केंद्रीय मंत्री, सर्वोच्च न्यायालय और उच्च न्यायालय के न्यायाधीश, विभिन्न राज्यों के मंत्री, सांसद, विधायक तथा पत्रकारिता जगत से जुड़े नामी-गिरामी लोगों के शामिल होने की संभावना है।
मंत्री ने कहा कि इतने बड़े धार्मिक आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रशासन और आयोजन समिति स्तर पर तैयारियां लगातार की जा रही हैं, ताकि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और महाशिवपुराण कथा का भव्य एवं शांतिपूर्ण आयोजन संपन्न कराया जा सके।

rexpress 