रामकथा की होर्डिंग हटाने पर लोगों ने किया विरोध, नगर निगम के अफसरों ने वापस लगाने का दिया आश्वासन
ऐशबाग रामलीला मैदान में श्रीराम कथा की होर्डिंग हटाने जाने का विरोध हो गया। नगर निगम की टीम ने आदर्श आचार संहिता का हवाला देकर होर्डिंग को हटा दिया था।
इसकी सूचना मिलते ही कई लोग वहां एकत्र हो गए और अधिकारियों पर श्रीराम विरोधी होने का आरोप लगा दिया।
जोनल अधिकारी का कहना है कि रामकथा की होर्डिंग में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक समेत अन्य नेताओं की भी फोटो लगी थी और आचार संहिता के तहत ऐसा नहीं होना चाहिए था, इसलिए होर्डिंग को हटाया गया था।
कथाचार्य देवमुरारी बापू ने बताया कि कथा स्थल से दूर रकाबगंज चौराहे पर होर्डिंग हटाने का कुछ सदस्यों ने विरोध किया। नगर निगम के अधिकारियों ने दोबारा होर्डिंग लगाने का आश्वासन दिया है।
राम मूरत यादव चुने गए लेखपाल संघ के अध्यक्ष
लखनऊ। राम मूरत यादव को उप्र लेखपाल संघ का अध्यक्ष चुना गया है। इस संदर्भ में गांधी प्रेक्षाग्रह में बीते दिनों संघ का महाधिवेशन आयोजित किया गया था। इसके बाद शनिवार को हुए कार्यकारिणी के चुनाव में राम मूरत यादव दोबारा संघ के अध्यक्ष पद का चुनाव जीतने में सफल रहे।
वहीं विनोद कश्यप को महामंत्री, सुदेश चौधरी को पश्चिमी जोन, भूपेंद्र सिंह को मध्य, धनंजय श्रीवास्तव को पूर्वी जोन का उपाध्यक्ष चुना गया।
वहीं नीरज राठौर, मनीष पाठक व करुणेश सिंह को क्रमशः पश्चिमी, मध्य व पूर्वी जोन के संगठन मंत्री पद के लिए चुना गया। कोषाध्यक्ष के पद के लिए सुरजीत सिकंदर तथा लेखा परीक्षक के पद पर शमशेर सिंह ने चुनाव जीता।

rexpress 