रायबरेली-थाने से कुछ दूरी पर रेलवे कर्मी के घर में चोरों का धावा, पुलिस गस्त की खुली पोल

रायबरेली-थाने से कुछ दूरी पर रेलवे कर्मी के घर में चोरों का धावा, पुलिस गस्त की खुली पोल

-:विज्ञापन:-



लाखों रुपए के जेवरात एवं नगदी चोरों ने किया पार, मचा हड़कंप

पीड़ित अपने परिवार के साथ बीते 7 फरवरी को वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गया था ससुराल

वर्तमान थाना प्रभारी के 1 माह से कम के कार्यकाल में चोरों ने पुन: घटना को अंजाम देकर उन्हें तीसरी बार दी चुनौती

चोरों के बुलंद हौसलों से स्थानीय लोगों में भय का माहौल


रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647

बछरावां रायबरेली। थाना क्षेत्र के कस्बा अंतर्गत लालगंज रोड पर सोमवार की दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब बीते दो दिनों से बंद पड़े एक रेलवे कर्मचारी के घर पर चोरों ने धावा बोलते हुए नगदी समेत लाखों रुपए का माल पार कर दिया। इस घटना ने कहीं न कहीं स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उनकी गस्त की पोल खोल कर रख दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बे के लालगंज रोड पर स्थित शिवनगर के रहने वाले अरविंद साहू पुत्र उमाकांत साहू, जो की तमिलनाडु प्रांत के चेन्नई में एक रेलवे मास्टर के पद पर कार्यरत हैं, बीते 7 फरवरी को वह अपने परिवार के साथ अपनी ससुराल स्थानीय जनपद के अंतर्गत सेमरी में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गए हुए थे। सोमवार शाम उनको अपनी ड्यूटी चेन्नई वापस जाना था, और ट्रेन पकड़नी थी। परिवार को ससुराल में छोड़कर सोमवार दोपहर जब वह अपने घर पहुंचे तो उन्होंने मेन गेट का ताला खुला और नीचे रखा पाया, इसके पश्चात उन्होंने घर में अंदर जाकर देखा तो सभी कमरों के ताले टूटे हुए थे। जब वह अपने बेडरूम में पहुंचे तो कमरे के अंदर का नजारा देखकर वह दंग रह गए। तत्काल वह घर से बाहर निकले और उन्होंने चोरी की घटना की सूचना अपने पड़ोसियों को दी। मौके पर पहुंचे पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना देने की बात कही। पीड़ित के चाचा के द्वारा तत्काल पुलिस को सूचना दी गई और पीड़ित अरविंद साहू अपनी ड्यूटी के लिए रवाना हो गए। सूचना पाकर मौके पर मय पुलिस बल के साथ पहुंचे थाना प्रभारी बछरावां श्याम कुमार पाल ने घटना का जायजा लेते हुए आगे की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पीड़ित के परिजनों की मानी जाए तो उनका कहना है कि जब पीड़ित घर के अंदर दाखिल हुआ तो मेन गेट का ताला टूटा था, वही घर के अंदर मौजूद तीनों दरवाजों के भी ताले भी टूटे थे और बेडरूम में मौजूद अलमारी का लाकर टूटा हुआ तथा सारा सामान बेड पर बिखरा हुआ था। साथ ही साथ परिजनों के द्वारा यह भी जानकारी दी गई है कि लगभग 12 लाख रुपए के सोने चांदी के जेवरात एवं ₹12000 नगदी चोरों के द्वारा पार कर दिए गए हैं। उक्त घटना के पश्चात स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान खड़े होने लगे हैं, क्योंकि मौजूदा थाना प्रभारी श्याम कुमार पाल के कार्यकाल को अभी भी एक महीने से कम का समय हुआ है, लेकिन उनके आने के पश्चात चोरों ने थाना क्षेत्र के कुंदनगंज, पश्चिम गांव और कस्बा बछरावां में तीन चोरी की घटनाओ को अंजाम देकर उनकी पुलिस की गस्त की पोल खोलते हुए उनके सामने एक बड़ी चुनौती पेश की है। इस घटना के पश्चात आसपास के लोगों में भय का माहौल उत्पन्न हो गया है, लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे कहीं न कहीं रात्रि गस्त एवं पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता न होने के कारण चोरों के हौसले बुलंद है। फिलहाल क्षेत्रीय लोग एवं स्थानीय निवासी स्थानीय पुलिस की ओर टकटकी लगाए देख रहे हैं कि पुलिस उक्त घटनाओं का खुलासा कब तक करती है और पीड़ितों को कब तक न्याय मिल पाएगा, यह एक यक्ष प्रश्न बना हुआ है?