देवरिया कांड पर सियासत! विधायक पल्लवी पटेल बोलीं- कानून व्यवस्था के नाम पर जनता को ठगा जा रहा है

देवरिया कांड पर सियासत! विधायक पल्लवी पटेल बोलीं- कानून व्यवस्था के नाम पर जनता को ठगा जा रहा है

-:विज्ञापन:-

अपना दल की नेता और सिराधू विधायक पल्लवी पटेल ने रविवार को देवरिया कांड को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था के नाम पर उत्तर प्रदेश की जनता को ठगा जा रहा है।

सबसे अधिक दलित और पिछड़े शोषित हो रहे हैं। पल्लवी पटेल ने उक्त बातें वाराणसी के आराजी लाइन ब्लॉक मुख्यालय पर आशा विश्वास ट्रस्ट, किशोरी युवा मंच, मनरेगा मजदूर यूनियन की ओर से आयोजित बालिका महोत्सव में कहीं।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रदेश में लड़कियां आज सुरक्षित नहीं हैं। गलती कोई कर रहा है लेकिन लड़कियों को घर से निकलने पर पाबंदी लगाई जा रही है। वाराणसी पहुंची विधायक पल्लवी पटेल ने इस्राइल-फलस्तीन युद्ध पर कहा कि यह दो देशों के बीच नहीं बल्कि दो धर्मों के बीच युद्ध है। इसे उस नजरिए से देखना होगा।

आगामी लोकसभा चुनाव पर कहा कि यह देश की दिशा बदलने वाला चुनाव है। सभी 28 संगठनों ने अपनी तैयारी की है। उत्तर प्रदेश की 80 सीटों पर चुनाव इंडिया एलायंस लड़ेगी।

उन्होंने जातीय जनगणना के सवाल पर कहा कि बिहार सरकार का कदम स्वागत योग्य है। इसके पूर्व किशोरियों ने सामाजिक बुराइयों के खिलाफ रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया।