मेरठ में टोल प्लाजा पर सैन्य जवान को बंधक बनाकर पीटा, गांव वालों ने जमकर की तोड़फोड़

मेरठ में टोल प्लाजा पर सैन्य जवान को बंधक बनाकर पीटा, गांव वालों ने जमकर की तोड़फोड़

-:विज्ञापन:-

मेंरठ-करनाल हाईवे स्थित भूनी टोल प्लाजा पर टोल कर्मियों ने गुंडई दिखाते हुए गांव गोटका निवासी सेना के जवान को बंधक बना लिया तथा खंभे से लगाकर बर्बरता के साथ लाठी-डंडों से पीटा। बचाव में आए उनके चचेरे भाई के साथ भी टोल कर्मियों ने मारपीट की।

आरोप है कि टोल कर्मियों ने सेना के जवान का आईकार्ड और मोबाइल भी छीन लिया। गांव गोटका के ग्रामीणों की मौके पर भीड़ जमा हो गई। आरोपी टोल कर्मी फरार हो गए। ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए हंगामा कर दिया।

पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन देते हुए हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराया। घटना को लेकर देर रात तक भी टोल पर ग्रामीणों की भीड़ लगी रही। उधर, एसएसपी ने बताया कि फुटेज के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सरूरपुर के गांव गोटका निवासी कपिल पुत्र कृष्णपाल सेना में हैं और वर्तमान में श्रीनगर में तैनाती है। कपिल कांवड़ यात्रा के लिए छुट्टी पर गांव आए हुए थे। सोमवार को उन्हें श्रीनगर में ड्यूटी पर अपनी बटालियन में आमद करानी थी। सोमवार सुबह पांच बजे दिल्ली से उसकी फ्लाइट थी। रविवार शाम करीब नौ बजे कपिल अपने चचेरे भाई शिवम पुत्र देवेन्द्र के साथ कार से दिल्ली एयरपोर्ट जा रहे थे। जैसे ही वह भूनी टोल प्लाजा पर पहुंचे तो कार को टोल से निकालने के लिए कपिल ने टोलकर्मियों को अपना आईडी कार्ड दिखाया।

आरोप है कि टोल कर्मियों ने टोल बूम खोलने के बजाए उनका आईडी कार्ड और मोबाइल छीन लिया। कपिल ने विरोध किया तो टोलकर्मियों ने कपिल के साथ मारपीट शुरू कर दी। बचाव में आए उनके चचेरे भाई शिवम को भी जमकर पीटा। आरोप है कि टोलकर्मियों ने टोल नाके के खंभे से लगाकर कपिल को बंधक बना लिया। एक टोलकर्मी ने लाठी-डंडों से उन्हें जमकर पीटा। इतना ही नहीं उनके कपड़े तक फाड़ डाले। कई मिनट तक चली मारपीट में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों ने किसी तरह वहां से भागकर जान बचाते हुए सूचना पुलिस और ग्रामीणों को दी। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ पहुंच गई और हंगामा कर दिया।

थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मारपीट की घटना टोल पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए ग्रामीणों को शांत कराया। पीड़ित पक्ष ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया।