भतीजी ने बताई चाचा की ऐसी करतूत...महिला आयोग की अध्यक्ष का फूटा गुस्सा, आधी रात को दर्ज कराई FIR
थाना इरादतनगर पुलिस ने 20 दिन बाद भी दुष्कर्म का केस दर्ज नहीं किया। पीड़ित परिवार थाने के चक्कर लगाता रहा। हार थककर पीड़ित परिवार राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान के घर पहुंच गया।
पिता-पुत्री फूट-फूटकर रोने लगे। यह देखकर आयोग अध्यक्ष ने आधी रात ही थानेदार को तलब किया। पीड़िता का मेडिकल कराया। इसके बाद केस दर्ज कर लिया गया। हालांकि पुलिस अब जांच की बात कर रही है।
आयोग अध्यक्ष बबीता चौहान ने बताया कि 2 अगस्त को वह देर रात अपने प्रोफेसर काॅलोनी स्थित आवास पर आई थीं। तभी इरादतनगर का रहने वाला एक परिवार घर पहुंचा। इनमें एक युवती, उसके मां-पिता और भाई शामिल थे। युवती ने बताया कि 12 जुलाई को उसके चाचा बहाने से उसे खेत पर ले गए। इसके बाद दुष्कर्म किया। वह थाने में शिकायत करने गए, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। यह कहते हुए पिता-पुत्री फूट-फूटकर रोने लगे। यह देखकर उन्होंने तुरंत थानेदार को फोन किया।
उन्हें तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अपने आवास पर बुलाया। पुलिसकर्मी आए। पीड़िता को मेडिकल के लिए ले गए। अगले दिन ही एफआईआर दर्ज हो गई। आयोग अध्यक्ष ने बताया कि पीड़िताओं की थाने पर तत्काल सुनवाई होनी चाहिए। अगर, थानेदार सुनवाई नहीं कर रहे हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में भी जांच के बाद कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

rexpress 