रायबरेली में प्रधानाध्यापक की संदिग्ध मौत, दरवाजे की कुंडी तोड़ कर पुलिस ने निकाला शव
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली में प्रधानाध्यापक की संदिग्ध मौत, दरवाजे की कुंडी तोड़ कर पुलिस ने निकाला शव
महराजगंज क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय नेवाजगंज में प्रधानाध्यापक पद पर तैनात रहे राम प्रकाश अवस्थी की संदिग्ध मौत हो गई। बुधवार रात बेटे ने जब उनको फोन मिलाया और कई कॉल बाद भी जब मोबाइल से बात नहीं हुई तो पुलिस को सूचना दी।
पुलिस जब उनके कमरे पर पहुंची तो शिक्षक मृत अवस्था में मिले। उनके निधन की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। उनके निधन पर शिक्षकों में शोक की लहर है।
फतेहपुर के शाह पुर निवासी राम प्रकाश अवस्थी महराजगंज विकास खंड क्षेत्र में वर्ष 1991 में सहायक अध्यापक पद पर तैनात हुए। विभिन्न विद्यालयों में सेवा देने के बाद वर्तमान में वह नेवाजगंज के प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक पद पर सेवारत थे। इन दिनों प्रधानाध्यापक राम प्रकाश कस्बे के सरदार सुरजीत सिंह के मकान में किराए के कमरे में रहते थे। इनकी सेवानिवृति मार्च 2026 में थी।
प्रधानाध्यापक राम प्रकाश अवस्थी बुधवार शाम को विद्यालय से घर लौटे और शाम को परिवार के लोगों से बात की। बेटे पंकज ने बुधवार देर रात करीब 10 बजे जब मोबाइल पर फोन किया तो उनकी कॉल रिसीव नहीं हुई। कई बार कॉल नहीं रिसीव होने पर पंकज को किसी अनहोनी की शंका हुई तो पुलिस को फोन किया।
मौके पर पुलिस पहुंची तो दरवाजा बंद मिला। पुलिस ने किसी तरह सिटकनी तोड़ कर दरवाजा खोला तो बिस्तर पर शिक्षक का शव मिला। पुलिस ने घटना की सूचना उनके बेटे पंकज को दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि शिक्षक के पैर की उंगली में किसी जंतु के काटने के निशान है। प्रथम दृष्टया किसी जहरीले जंतु के काटने से मौत का अंदेशा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना का कारण साफ होगा।

rexpress 