ऊंचाहार: घायल को सड़क पर छोड़ भागने की कोशिश कर रहे पुलिसकर्मी को ग्रामीणों ने घेरा,,,,

ऊंचाहार: घायल को सड़क पर छोड़ भागने की कोशिश कर रहे पुलिसकर्मी को ग्रामीणों ने घेरा,,,,

-:विज्ञापन:-




    रिपोर्ट-सागर तिवारी

ऊँचाहार-रायबरेली: उत्तर प्रदेश की मित्र पुलिस का एक बेहद असंवेदनशील चेहरा रविवार को पट्टी रहस कैथवल बाईपास पर देखने को मिला। यहाँ एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में सबसे चौंकाने वाला और आक्रोशित करने वाला पहलू यह रहा कि कार को एक पुलिसकर्मी चला रहा था, जिसने घायल की मदद करने के बजाय वहाँ से निकलने की कोशिश की।नया पुरवा (मजरे दीनशाह गौरा) निवासी 21 वर्षीय नितिन कुमार रविवार को अपनी बाइक से अरखा गाँव स्थित अपनी रिश्तेदारी में शादी में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही वह पट्टी रहस कैथवल बाईपास के पास पहुँचे, पीछे से आ रही एक अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नितिन सड़क पर दूर जा गिरे और उनकी बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिसकर्मी की भूमिका पर भड़के ग्रामीण
दुर्घटना के बाद जब स्थानीय लोग मौके पर पहुँचे, तो उन्होंने देखा कि कार में एक पुलिसकर्मी सवार था। आरोप है कि घायल युवक को तड़पता देख भी पुलिसकर्मी का दिल नहीं पसीजा और उसने उसे अस्पताल पहुँचाने की जहमत नहीं उठाई। पुलिसकर्मी के इस रवैये को देखकर मौके पर मौजूद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।
नाराज ग्रामीणों ने पुलिसकर्मी की गाड़ी को बीच सड़क पर रोक लिया और जमकर नारेबाजी की। लोगों का कहना था कि "जो पुलिस रक्षा के लिए है, वही भक्षक बनकर घायल को मरता छोड़ रही है।" हंगामा बढ़ता देख सूचना परिजनों को दी गई, जिन्होंने मौके पर पहुँचकर निजी वाहन से नितिन को सीएचसी ऊँचाहार में भर्ती कराया।
चिकित्सक का बयान
सीएचसी अधीक्षक डॉ. मनोज शुक्ल ने बताया कि दुर्घटना में घायल युवक नितिन का उपचार किया गया है। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति फिलहाल सामान्य और खतरे से बाहर है।