रायबरेली: ऊंचाहार जिला पंचायत द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता सवालों के घेरे में ?

रायबरेली: ऊंचाहार जिला पंचायत द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता सवालों के घेरे में ?

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट- सागर तिवारी 

ऊंचाहार/रायबरेली:  रायबरेली में जिला पंचायत द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता सवालों के घेरे में है। मानकों की यह अनदेखी उस स्थान पर हो रही है, जो न केवल व्यापारिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि वहां राष्ट्र का गौरव 'विशाल राष्ट्रीय ध्वज' भी स्थापित है। आरोप है कि ऊंचाहार के मुख्य चौराहे को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण इलाके में नाली और इंटरलॉकिंग निर्माण में खुलेआम धांधली की जा रही है।
मामला ऊंचाहार नगर पंचायत कार्यालय के ठीक सामने जिला पंचायत की मार्केट कॉम्प्लेक्स का है, जहां जिला पंचायत ने करीब दो वर्ष पूर्व 14 दुकानों का निर्माण कराया था। इस मार्केट के ठीक बीचों-बीच जिला पंचायत की ओर से एक विशाल राष्ट्रीय ध्वज स्थापित किया गया है। वर्तमान में इसी परिसर में सुगम आवागमन के लिए इंटरलॉकिंग लगाने और जल निकासी के लिए नाली निर्माण का कार्य चल रहा है। जिसका उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह करेंगे। 
यह स्थान इसलिए भी बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि यह रास्ता  एनटीपीसी सलोन रोड से सीधे ऊंचाहार के मुख्य चौराहे को जोड़ता है, जहाँ दिन-रात लोगों और वाहनों की भारी आवाजाही रहती है। ऐसे महत्वपूर्ण मार्ग पर हो रहे निर्माण में गुणवत्ता से समझौता भविष्य में बड़ी परेशानी का सबब बन सकता है।
स्थानीय लोगों ने कैमरे के सामने न आने की शर्त पर बताया कि ठेकेदारी प्रथा के तहत हो रहे इस काम में मानकों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
घटिया सामग्री से नाली निर्माण और अव्वल दर्जे की लाल ईंटों की जगह पीली और घटिया ईंटों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
इंटरलॉकिंग के लिए तैयार किए जा रहे बेस में भी सामग्री की गुणवत्ता बेहद खराब है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि राष्ट्रीय ध्वज के ठीक नीचे हो रहा यह भ्रष्टाचार यह बताने के लिए काफी है कि ठेकेदार किस कदर बेखौफ हैं। दबी जुबान से विरोध कर रहे लोगों ने जिला पंचायत के उच्च अधिकारियों से इस निर्माण कार्य की तत्काल जांच कराने की मांग की है, ताकि सरकारी धन का दुरुपयोग रोका जा सके।